अमेरिका के राजनयिक भारत में संभालेंगे 'रेजिडेंट कोऑर्डिनेटर' का पद, UN महासचिव ने किया नियुक्त - Punjab Kesari
Girl in a jacket

अमेरिका के राजनयिक भारत में संभालेंगे ‘रेजिडेंट कोऑर्डिनेटर’ का पद, UN महासचिव ने किया नियुक्त

संयुक्त राष्ट्र के महासचिव ‘एंटोनियो गुटेरेस’ ने अमेरिका के राजनयिक ‘शोम्बी शार्प’ को भारत में विश्व निकाय का

संयुक्त राष्ट्र के महासचिव ‘एंटोनियो गुटेरेस’ ने अमेरिका के राजनयिक ‘शोम्बी शार्प’ को भारत में विश्व निकाय का  ‘रेजिडेंट कोऑर्डिनेटर’ नियुक्त किया है। इस नियुक्ति को लेकर सोमवार को संयुक्त राष्ट्र की ओर जारी किए गए एक बयान के अनुसार, शार्प ‘‘ 25 वर्ष से अधिक समय से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर समावेशी एवं सतत विकास को बढ़ावा देने के लिए काम कर रहे हैं… यह अनुभव उन्हें इस नियुक्ति में काम आएगा।’’ उन्होंने हाल में आर्मेनिया में संयुक्त राष्ट्र के ‘रेजिडेंट कोऑर्डिनेटर’ के रूप में अपनी सेवाएं दी थी। बयान में कहा गया कि संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने मेजबान सरकार की मंजूरी के साथ अमेरिका के शोम्बी शार्प को भारत में संयुक्त राष्ट्र का ‘रेजिडेंट कोऑर्डिनेटर’ नियुक्त किया है।
इन देशों में भी दे चुके है अपनी सेवाएं 
संयुक्त राष्ट्र सतत विकास समूह ने ट्वीट किया, ‘‘ इस दशक में वैश्विक लक्ष्यों को हासिल करने के लिए, हम आपके और आपके दल के साथ काम करने को उत्साहित हैं। भारत ‘लोगों के लिए ग्रह के लिए’ (फॉर पीपल फॉर प्लैनेट) अभियान का एक महत्वपूर्ण भागीदार है।’’ शार्प ने संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (यूएनडीपी) में कई प्रमुख पदों पर सेवाएं दी हैं। वह आर्मेनिया में ‘रेजिडेंट रिप्रेजेंटेटिव’, जॉर्जिया में ‘डिप्टी रेजिडेंट रिप्रेजेंटेटिव’, लेबनान में ‘डिप्टी कंट्री डायरेक्टर’, यूएनडीपी यूरोप तथा कॉमनवेल्थ रूसी संघ में स्वतंत्र देशों के लिए ‘क्षेत्रीय एचआईवी/एड्स प्रैक्टिस टीम लीडर’, न्यूयॉर्क में पश्चिमी बाल्कन के लिए कार्यक्रम प्रबंधक और रूसी संघ में ‘सहायक रेजिडेंट रिप्रेजेंटेटिव’ रहे हैं।
राजनयिक ने भारत आकर जताई खुशी 
शार्प ने सोमवार को भारत पहुंचने के बाद ट्वीट किया, ‘‘ आज नए घर दिल्ली (भारत) पहुंचकर उत्साहित हूं। अपने जन्मदिन पर यह जानकार और खुश हूं कि भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की जयंती भी है, जिसे बाल दिवस के तौर पर भी मनाया जाता है।’’ संयुक्त राष्ट्र के बयान के अनुसार, संयुक्त राष्ट्र में शामिल होने से पहले, शार्प ने जिम्बाब्वे में अंतरराष्ट्रीय गैर-लाभकारी संगठन ‘केयर इंटरनेशनल’ के साथ भी काम किया। महासचिव के उप प्रवक्ता फरहान हक ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा ‘‘रेजिडेंट कोऑर्डिनेटर हमारे संयुक्त राष्ट्र दलों के काम का नेतृत्व करते हैं, जिसमें सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजी) को बेहतर तरीके से हासिल करने के साथ ही राष्ट्रीय कोविड-19 प्रतिक्रिया योजनाओं के लिए हमारा निरंतर समर्थन शामिल है।’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।