कम्पाला : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अफ्रीका के तीन देशों की अपनी यात्रा के दूसरे चरण में आज युगांडा पहुंचे। वह इस संसाधन समृद्ध महाद्वीप में भारत की पहुंच बढ़ाने के लिए इन देशों की यात्रा पर हैं। प्रधानमंत्री के विमान के एंतेबे अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचते ही उनकी युगांडा की दो दिन की यात्रा का आगाज हो गया। वर्ष 1997 के बाद से किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह इस देश की पहली द्विपक्षीय यात्रा है। हवाई अड्डे पर मोदी का भव्य स्वागत किया गया।
युगांडा में उनका राष्ट्रपति योवेरी मुसेवेनी से मुलाकात करने , खास मुद्दों पर और शिष्टमंडल स्तर की वार्ता करने और भारत – युगांडा संयुक्त व्यापार कार्यक्रम में शिरकत करने का कार्यक्रम है। मोदी युगांडा की संसद को भी संबोधित करेंगे। वह ऐसा करने वाले पहले प्रधानमंत्री होंगे। वह यहां एक कार्यक्रम में भारतीय समुदाय को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री युगांडा से दक्षिण अफ्रीका रवाना होंगे जहां वह कल ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इस साल ब्रिक्स की थीम ‘ ब्रिक्स इन अफ्रीका ’ है।