पाकिस्तानी सिख लड़की का धर्म परिवर्तन मामला : सुरक्षा कारणों से लड़की को अदालत में पेश नहीं किया गया - Punjab Kesari
Girl in a jacket

पाकिस्तानी सिख लड़की का धर्म परिवर्तन मामला : सुरक्षा कारणों से लड़की को अदालत में पेश नहीं किया गया

न्यायिक मजिस्ट्रेट ने कार्यवाही स्थगित कर दी और पुलिस को 10 सितंबर को आशूरा की छुट्टी के बाद

लाहौर : धर्म परिवर्तन और मुस्लिम लड़के से शादी को लेकर चर्चा में आई एक सिख लड़की को सुरक्षा कारणों से सोमवार को विशेष न्यायिक मजिस्ट्रेट के सामने पेश नहीं किया जा सका। अदालत के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।गौरतलब हो कि कुछ दिन पहले एक सिख लड़की जगजीत कौर (19) को कथित तौर पर अगवा कर लिया गया था और पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में एक मुस्लिम व्यक्ति से शादी करने से पहले उसका जबरन इस्लाम धर्म में धर्मांतरण कराया गया था। 
जगजीत एक सिख धर्मगुरु की बेटी है। उसे शुक्रवार को एक अदालत के आदेश पर दारुल अमन (आश्रय गृह) भेजा गया था। उसने अदालत को बताया था कि उसने अपनी मर्जी से अपने इलाके के मोहम्मद हसन से शादी की थी। अदालत के एक अधिकारी ने पीटीआई भाषा को बताया, ‘‘ननकाना नगर पुलिस थाना के एक अधिकारी ने न्यायिक मजिस्ट्रेट को बताया कि कुछ गंभीर सुरक्षा मुद्दे हैं, इसलिए उसे अदालत में पेश नहीं किया जा सका।’’ न्यायिक मजिस्ट्रेट ने कार्यवाही स्थगित कर दी और पुलिस को 10 सितंबर को आशूरा की छुट्टी के बाद उसे पेश करने का निर्देश दिया। 
पंजाब पुलिस के एक सूत्र ने बताया कि ऐसी खुफिया सूचना है कि लड़की को उसके रिश्तेदारों द्वारा अदालत में पेश होने के दौरान नुकसान पहुंचाया जा सकता है। इस बीच, पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने इस मामले को लेकर सोमवार को पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान पर निशाना साधा। उन्होंने खान पर सिख लड़की की मदद करने में नाकाम रहने का आरोप लगाया गया। सिंह ने पाकिस्तानी सिख लड़की के परिवार को पंजाब में बसने में मदद करने की भी पेशकश की। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

one × 2 =

Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।