दक्षिण-पूर्व इंग्लैंड के फेयरहैम से कंजरवेटिव पार्टी की सांसद सुएला ब्रेवरमैन को मंगलवार को ब्रिटेन का नया गृह मंत्री नियुक्त किया गया। सुएला(42), भारतीय मूल की अपनी सहकर्मी प्रीति पटेल की जगह लेंगी।
सरकार में अटार्नी जनरल के रूप में सेवा दे रही थीं सुएला
सुएला अब तक बोरिस जॉनसन नीत सरकार में अटार्नी जनरल के रूप में सेवा दे रही थीं। उन्हें नव नियुक्त प्रधानमंत्री लिज ट्रस ने गृह मंत्री नामित किया।
भारतीय मूल के दंपति के घर हुआ सुएला का जन्म
सुएला का जन्म भारतीय मूल के क्रस्टी और उमा फर्नांडिस के घर हुआ था। दंपति 1960 के दशक में ब्रिटेन चला गया था। उनकी मां पेशे से नर्स थीं और राजनीतिक रूप से सक्रिय रहने के कारण वो काउंसलर बनी थीं। सुएला का जन्म ग्रेटर लंदन में हुआ और उनकी परवरिश वेंबले में हुई।