मिस्र के राष्ट्रपति अब्दुल फतेह अल सीसी ने गणतंत्र दिवस पर देखी भारत की ताकत - Punjab Kesari
Girl in a jacket

मिस्र के राष्ट्रपति अब्दुल फतेह अल सीसी ने गणतंत्र दिवस पर देखी भारत की ताकत

मिस्र के राष्ट्रपति अब्दुल फतेह अल सीसी बृहस्पतिवार को दुनिया के उन चुनिंदा नेताओं में शामिल हो गए

मिस्र के राष्ट्रपति अब्दुल फतेह अल सीसी बृहस्पतिवार को दुनिया के उन चुनिंदा नेताओं में शामिल हो गए जिन्होंने भारत का गणतंत्र दिवस समारोह देखा है। मिस्र के राष्ट्रपति अल सीसी इस वर्ष गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि हैं। उन्होंने आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अनेक नेताओं के साथ कर्तव्यपथ पर रंगारंग गणतंत्र दिवस परेड देखी।
मिस्र के राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ व्यापक चर्चा की।
यह पहला अवसर है जब मिस्र के किसी राष्ट्रपति को भारत के गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि बनाया गया है। अल सीसी मंगलवार को भारत यात्रा पर आए और बुधवार को उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ व्यापक चर्चा की। भारत के गणतंत्र दिवस समारोह पर हर वर्ष विश्व के किसी देश के नेता को आमंत्रित किया जाता है। कोविड-19 महामारी के कारण वर्ष 2021 और 2022 में गणतंत्र दिवस समारोह पर कोई मुख्य अतिथि नहीं थे।
कब किस देश के नेता गणतंत्र दिवस में हुए शामिल 
वर्ष 2020 में ब्राजील के राष्ट्रपति जायर बोलसोनारो गणतंत्र दिवस पर मुख्य अतिथि थे जबकि 2019 में दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सी रामफोसा और 2018 में आसियान देशों के समूह के 10 देशों के नेताओं को आमंत्रित किया गया था। वर्ष 2017 में भारत के गणतंत्र दिवस समारोह में अबू धाबी के शहजादे शेख मोहम्मद बिन जायेद अल नाह्यान को मुख्य अतिथि बनाया गया था और वर्ष 2016 में फ्रांस के राष्ट्रपति फ्रांस्वां ओलोंद को आमंत्रित किया गया था।
भारत के गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल होने वाले विश्व नेता
इससे पहले वर्ष 2015 में अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा और 2014 में जापान के तत्कालीन प्रधानमंत्री शिंजो आबे मुख्य अतिथि थे। वर्ष 2013 में भूटान के नरेश जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक को गणतंत्र दिवस पर आमंत्रित किया गया था। भारत के गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल होने वाले विश्व नेताओं में निकोलस सार्कोजी, व्लादिमीर पुतिन, नेल्सन मंडेला, जॉन मेजर, मोहम्मद खातमी, जैक शिराक (1998) शामिल हैं।
विदेश के नेता कब कब  देखी गणतंत्र दिवस परेड
फ्रांस के तत्कालीन राष्ट्रपति निकोलस सार्कोजी ने 2008 में और फ्रांस के एक अन्य तत्कालीन राष्ट्रपति जैक शिराक ने 1998 में गणतंत्र दिवस परेड देखी। तत्कालीन ब्रिटिश प्रधानमंत्री जॉन मेजर ने 1993 में और दक्षिण कोरिया के तत्कालीन राष्ट्रपति ली म्यूंग बाक ने 2010 में और तत्कालीन दक्षिण अफ्रीकी राष्ट्रपति नेल्सन मंडेला 1995 में गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल हुए। ईरान के तत्कालीन राष्ट्रपति मोहम्मद खातमी 2003 में और इंडोनिशिया के तब के राष्ट्रपति सुशीलो बामबांग युधोयोनो वर्ष 2011 में गणतंत्र दिवस समारोह में आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।