शिंजो आबे हत्याकांड मामले की जांच करेगा 90 सदस्यीय कार्यबल - Punjab Kesari
Girl in a jacket

शिंजो आबे हत्याकांड मामले की जांच करेगा 90 सदस्यीय कार्यबल

जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो की हत्या चुनाव प्रचार के दौरान नारा शहर में एक रैली को संबोधित

जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो की हत्या चुनाव प्रचार के दौरान नारा शहर में एक रैली को संबोधित करते वक्त गोली मारकर कर दी गई है। उनकी हत्या की जांच 90 सदस्यीय कार्यबल करेगा, ताकि पता लगाया जा सके कि ये सब कैसे हुआ। यह जानकारी जापान की पुलिस ने दी है।
अधिकारियों ने यह भी स्वीकार किया कि उन्हें दिवंगत नेता की नारा यात्रा के बारे में पिछली शाम को ही पता चला था। इस बीच, घटनास्थल पर गिरफ्तार किए गए 41 वर्षीय संदिग्ध व्यक्ति यामागामी तेत्सुया ने आबे को गोली मारने की बात कबूल कर ली है और कहा है कि उसे रंज इस बात की थी कि उसे जिस संगठन से शिकायत थी, उसमें पूर्व प्रधानमंत्री शामिल थे।
लकड़ी से बनाई हुईं कई बंदूकें जब्त 
यामागामी ने पुलिस को बताया कि उसकी मां संगठन में शामिल थी और उसने बहुत सारा पैसा संगठन को दान किया था, जिससे उसके परिवार के लिए गंभीर समस्याएं पैदा हो गईं। पुलिस के अनुसार, संदिग्ध ने लगभग 40 सेंटीमीटर लंबी बंदूक का इस्तेमाल किया। पुलिस ने यामागामी के आवास पर भी तलाशी अभियान चलाया, जहां से उन्होंने धातु और लकड़ी से बनाई हुईं कई बंदूकें जब्त कीं, जो हमले में इस्तेमाल की गई बंदूक से मिलती-जुलती थीं।
यामागामी ने किया था तीन साल आत्मरक्षा बलों के साथ काम
उन्होंने संदिग्ध के सामान को भी जब्त कर लिया, जिसमें एक कंधे में लटकाने वाला बैग, स्मार्टफोन और वॉलेट शामिल हैं।
संदिग्ध ने कहा है कि वह फिलहाल बेरोजगार है, उसने 2005 तक, तीन साल आत्मरक्षा बलों के साथ काम किया था।
आबे जापान के सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहे थे और 67 वर्ष की आयु में उनके निधन ने एक ऐसे देश को गहरा झकझोर दिया है, जहां बंदूक से अपराध बहुत दुर्लभ है। हमले के दौरान उनकी गर्दन पर दो गोलियां लगीं और उनके दिल को नुकसान पहुंचा था। बीबीसी के मुताबिक, आबे के शव को ले जा रहा एक वाहन शनिवार सुबह करीब छह बजे नारा के अस्पताल से टोक्यो स्थित उनके घर के लिए निकला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।