कर्नाटक के एक परिवार ने बेटे की 10वीं में असफलता पर अनोखा जश्न मनाया, केक काटा और उसे हौसला दिया। माता-पिता ने बेटे को सिखाया कि असफलता से जीवन खत्म नहीं होता, बल्कि यह आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है। सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसने लोगों को जीवन में सकारात्मकता की मिसाल दी है।
जीवन में सबसे बड़ा दुख असफलता का ही होता है। असफलता एक ऐसा शब्द है जिसे असल जीवन में सुनना किसी को पसंद नहीं होता है। जरा सोचिए की आप किसी काम में कड़ी मेहनत कर रहे हैं। दिन रात परिश्रम करने के बाद भी अगर आपको उस काम में असफलता मिले तो आप कैसा महसूस करेंगे। जीवन में असफलता हासिल करने के बाद शायद आप हार मान जाएं। लेकिन जीवन तो असफलताओं से भरा हुआ है। असली खिलाड़ी तो वह है जिसने अपनी असफलता का जश्न मनाकर आगे बढ़कर सफलता हासिल की है। एक ऐसी ही मिसाल का मामला कर्नाटक से सामने आया है। जहां एक परिवार ने बेटे के 10वीं कक्षा में फेल होने के बाद उसको खरी-खोटी नहीं सुनाई बल्कि उसका हौसला बढ़ाया और बेटे की असफलता को लेकर जश्न मनाया। इतना ही नहीं परिवार ने बेटे के फेल होने पर केक भी कटवाया। यह अनोखा मामला पूरे सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
बेटे के साथ मुश्किल समय में खड़े हुए मां-बाप
जानकारी के अनुसार यह मामला कर्नाटक के बागलकोट का बताया जा रहा है। बागलकोट में बसवेश्वर इंग्लिश मीडियम स्कूल के छात्र अभिषेक चोलचागुड्डा इस साल अपनी 10वीं की परीक्षा में फेल हो गया। अभिषेक चोलचागुड्डा ने 600 में से केवल 200 नंबर ही हासिल किए। जिसके कारण उसे इस साल असफलता का सामना करना पड़ा। लेकिन जैसे ही अभिषेक का रिजल्ट सामने आया को बाकी सभी छात्र उसका मजाक बनाने लगे। अभिषेक के फेल होने पर उसके दोस्तों ने और कॅालेज के स्टूडेंट ने उसका खूब मजाक बनाया। लेकिन इस मुश्किन घड़ी में अभिषेक के माता-पिता उसके साथ खड़े रहे। अभिषेक के माता-पिता ने उसका पूरा-पूरा साथ दिया और 10वीं मे फेल होने पर उसका हौसला बढ़ाया। इतना ही नहीं अभिषेक के माता-पिता उसके फेल होने को लेकर उसके जीवन में आगे बढ़ने की सीख देते हुए केक भी काटा। अभिषेक के माता-पिता ने ऐसा करके लोगों को एक नई मिसाल पेश की है कि जीवन में सफलता और असफलता से खास फर्क नहीं पड़ता। फर्क तब पड़ता है जब इंसान दोबारा से आगे बढ़ने की कोशिश ही न करे। अभिषेक के माता-पिता ने लोगों को एक उदाहरण दिया है कि भले ही जीवन में आप कई बार गिरे हों। सफलता आपको तभी मिलेगी जब आप उठ कर दोबारा आगे बढ़ने का प्रयास करेंगे।
वीडियो हुआ वायरल
सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो काफी तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो पर कई लोग कमेंट करके अपनी-अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। बता दें कि अभिषेक के फेल होने पर उनके माता-पिता का कहना है कि-हमने अपने बच्चे से साफ कहा कि तुम केवल परीक्षा में ही असफल हुए हो, जीवन में नहीं। तुम दोबारा से कोशिश करना और इस बार तुम जरूर सफल होगे। अभिषेक अपने माता-पिता की इन बातों से काफी भावुक हो गए और कहा भले ही मैं असफल हो गया, लेकिन मेरे परिवार ने मेरा साथ दिया मैं फिर से परीक्षा दूंगा, पास हो जाऊंगा और जीवन में सफल हो जाऊंगा।