लड़कियों और लड़कों में कोई फर्क नहीं होता है और आज के दौर में तो लड़कियां लड़कों से कंधे से कंधा मिलाकर चल रही हैं। महिलाएं अब तक डॉक्टर, इंजीनियर और रक्षा विभाग में कार्य कर रही हैं, प्लेन उड़ाने से लेकर ट्रेन पटरी पर दौड़ा रहीं हैं, लेकिन अब महिलाएं लड़कों की तरह की फूड डिलीवरी करने के लिए घर-घर भी जा रही हैं।
अगर आप उत्तराखंड के रुद्रपुर के रहने वाले हैं और आपने ऑनलाइन फूड आर्डर किया है तो हो सकता है कि आपके दरवाजे पर एक फूड डिलीवरी गर्ल खड़ी हो। किसी लड़की को खाना डिलीवरी करते चौंकने की जरूरत नहीं। आपने ज्यादातर पुरुषों को ही डिलीवरी ब्वॉय के रूप में देखा होगा लेकिन आज हम आपको उत्तराखंड की एक महिला डिलीवरी गर्ल से रूबरू कराने जा रहे हैं।
जी हां हम बात कर रहे हैं उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में रहने वाली मनीषा की जो उत्तराखंड की पहली स्विगी डिलीवरी गर्ल बनी है। इन दिनों सोशल मीडिया पर मनीषा की फोटो काफी वायरल हो रही है। बता दें कि मनीषा अपने बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए 17 घंटे फूड डिलीवरी का कार्य करती हैं। वो रुद्रपुर की इकलौती डिलीवरी गर्ल है।
दरअसल, मनीषा के 2 बच्चे हैं जो अपनी नानी के घर पर रहकर पढ़ाई कर रहे हैं। वही मनीषा उनके बेहतर भविष्य के लिए रुद्रपुर मे किराए के मकान में रहकर मेहनत कर रही है। मनीषा सुबह 7:00 बजे से लेकर रात के 12:00 बजे तक फूड डिलीवरी का काम करती है। मनीषा ने अपने काम से पूरे प्रदेश की महिलाओं को भी प्रेरित किया है।
ये कहावत तो आपने बहुत सुनी होगी कि कोई भी काम छोटा या बड़ा नहीं होता मन में लगन हो तो मेहनत से किसी भी कार्य को आसानी से किया जा सकता है। मगर इस बात को मनीषा ने सच कर दिखाया है। परिवार की जिम्मेदारी सिर के ऊपर आने पर मनीषा ने हार नहीं मानी। बल्कि उन्होंने चुनौतियों का सामना किया। हर कोई मनीषा के इस जज़्बे की तारीफ कर रहा है।