छत्तीसगढ के सूरजपुर जिले से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। जहां एक युवक की मौत उसी बकरे की वजह से हो गई जिसकी उसने खुद अपने हाथों से बली दी थी। अब आप सोच रहे होंगे कि ऐसा कैसे हो सकता है क्योंकि मटन को लोग खाते ही हैं और उससे तो कभी किसी की मौत नहीं होती है। ऐसे में इस शख्स की मौत उसी बकरे से कैसे हुई।

दरअसल, सूरजपुर के मदनपुर गांव के रहने वाले 50 वर्षीय बागर साई नाम के एक युवक ने अपनी मन्नत पूरी होने के बाद खोपा धाम पहुंचकर बकरे की बलि दी थी, जिसके बाद वो बकरे का मीट लेकर अपने घर पहुंचा था। घर आने के बाद युवक ने अपने रिश्तेदारों को उसका मीट दिया और खुद उसका सिर खुद रख लिया। इस दौरान दो दोस्तों के साथ उसकी शराब पीने की प्लानिंग बनी और तीनों सूरजपुर शराब पीने पहुंच गए।
.png)
शराब पीने के बाद जो हुआ उसके बाद तो युवक के दोस्त भी हैरान रह गए। बताया जा रहा है कि शराब पार्टी के बाद बकरे के सिर को बनाने की बात चल रही थी। उसी दौरान बागर साई ने बकरे को कच्चा ही खाने की जिद्द पकड़ ली। उसके दोस्तों ने उसे ऐसा करने से मना भी किया लेकिन वो नहीं माना। अपनी जिद्द के चलते उसने बकरे की आंख निकाली और उसे कच्चा ही खाने लगा।

उसके बाद जो हुआ उसे सुनकर आप भी चौंक जाएंगे। मृतक के दोस्तों ने बताया कि बागर के गले में बकरे की आंख फंस गई थी, जिसके बाद उन लोगों ने उसे पानी पीने को भी कहा, लेकिन उसने इंकार कर दिया। आंख श्वास नली में फंसने से उसे सांस लेने में काफी दिक्कत हुई और देखते ही देखते उसका दम घुटने लगा। दोस्त उसे तुरंत हॉस्पिटल लेकर पहुंचे जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।


















