लोग कई बार स्वाद के चक्कर में कुछ ऐसा खा बैठते हैं जो उनकी सेहत के लिए काफी हानिकारक साबित हो बैठता हैं. वह स्वाद के चक्कर में ये भूल जाते हैं की उनके लिए क्या सही हैं और क्या गलत. कुछ ऐसा ही हुआ न्यूज़ीलैंड में रहने वाली एक महिला के साथ, जिसके गल में मुर्गे की छोटी सी हड्डी जाकर कहीं फंस गई और वो स्वाद का मज़ा उसके लिए सज़ा बन गया.

मैगज़ीन Stuff के मुताबिक बेथ ब्रैश (Beth Brash) नाम की महिला के साथ ये अजीबोगरीब हादसा हुआ. वो अपने पसंदीदा रेस्टोरेंट में चिकन की कोई डिश खा रही थी. वहां के स्टाफ ने उससे पूछा भी था कि वो हड्डियों के साथ अगर इसे खा सकती है तो ही ये डिश खाए. चूंकि महिला इसे पहली बार खा रही थी, ऐसे में उसने फटाफट हां कर दी लेकिन उसके साथ आगे जो हुआ, वो वाकई हादसा था.
गले में फंसा ली हड्डी

मिर्च-मसाले वाली ये डिश खाते वक्त ही बेथ को अपने गले में कुछ गुदगुदी जैसा महसूस हुआ. वो परेशान हो गई लेकिन उसने रेस्टोरेंट में कोई सीन क्रिएट नहीं किया. उसे दो दिन तक गले में दर्द होता रहा और उसे लगा कि ये धीरे-धीरे ठीक हो जाएगा. जब ये ठीक नहीं हुआ तो वो डॉक्टर के पास गई. यहां उसे पता चला कि गले में चिकन बोन फंसी हुई है, लेकिन ये कोई चिंता की बात नहीं है. महिला को लगा कि इसे निकालने के लिए कुछ प्रोसीज़र तो होगा ही लेकिन डॉक्टर ने सर्जरी के बजाय उसे जो सलाह दी, वो सुनकर महिला हैरान रह गई.
कोका कोला पीकर गल गई बोन

डॉक्टर ने उसे सलाह दी कि वो कोका कोला के 4 कैन पी ले और उसकी हड्डी अपने आप गल जाएगी. महिला को आश्चर्य हो रहा था लेकिन उसने ऐसा ही किया और अगले दिन उसे थोड़ा बेहतर महसूस हुआ. एक दिन और बीता तो उसका गला बिल्कुल ठीक हो गया. वहीं विशेषज्ञों से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि ये कोई प्रेस्क्रिप्शन नहीं हो सकता लेकिन एसिडिक ड्रिंक से इनेमल गल सकता है तो हड्डी भी गल सकती है.


















