भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन ने 14 जुलाई को चंद्रयान-3 लॉन्च किया था। चंद्रयान-3 का लैंडर विक्रम चांद की सतह पर उतरने के लिए पूरी तरह तैयार है, जो कुछ ही घंटों में चांद के दक्षिणी सतह पर सेफ लैंडिंग करेगा। लेकिन लैंडिंग से दो दिन पहले लैंडर ने चांद की तस्वीरें भेजी हैं। जिन्हें देखकर आप भी कहेंगे ‘वाह, चांद वाकई में कितना खूबसूरत होता है।’
इन खूबसूरत तस्वीरों को किल्क करने के लिए चंद्रयान-3 ने लैंड करने से पहले लैंडर हैज़र्ड डिटेक्शन एंड अवॉइडेंस कैमरा का इस्तेमाल किया है। इन तस्वीरों में चांद पर गड्ढे भी दिखाई दे रहे हैं।
यह तस्वीरें चांद की सतह के दक्षिणी ध्रुव पर उस जगह की हैं, जहां पर चंद्रयान-3 के लैंडर विक्रम की लैंडिंग होने वाली है। बता दें कि इसरो ने इन तस्वीरों को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर शेयर करते हुए लिखा, ‘ये चांद के सुदूर क्षेत्र की तस्वीरें हैं, जिसे लैंडर के खतरा जांच और बचाव कैमरे से खींचा गया है। यह कैमरा (लैंडर) नीचे उतरने के दौरान सुरक्षित लैंडिंग क्षेत्र यानी की बिना बोल्डर या गहरे गड्ढों का पता लगाने में सहायता करता है। इसे स्पेस एप्लीकेशन सेंटर, इसरो में बनाया गया है।’
ISRO ने चंद्रयान-3 की लैंडिंग के लिए 23 अगस्त यानी बुधवार शाम 6 बजकर 4 मिनट का समय तय किया है। अगर सबकुछ सही हुआ तो 6 बजकर 4 मिनट पर विक्रम लैंडर चांद की सतह पर लैंड हो जाएगा और प्रज्ञान रोवर बाहर आएगा। जिसके बाद चांद पर सूर्योदय होते ही विक्रम लैंडर का काम शुरू होगा और तभी सॉफ्ट लैंडिंग होगी। इसके बाद पृथ्वी के हिसाब से 14 दिन तक प्रज्ञान रोवर अपना काम करेगा और चांद पर रिसर्च करना शरू करेगा। बता दें कि इस दौरान प्रज्ञान रोवर विक्रम लैंडर के आस-पास ही होगा, वहां से दोनों की गतिविधि कैमरे में कैद होगी। ऐसे में विक्रम लैंडर प्रज्ञान पर नज़र रखेगा, जबकि प्रज्ञान रोवर चांद की सतह पर रिसर्च करेगा।
23 अगस्त को चांद पर सफल लैंडिंग के बाद भारत ऐसा करने वाला दुनिया का चौथा देश बन जाएगा क्योंकि चांद पर इससे पहले अमेरिका, सोवियत संघ और चीन के मिशन ही सॉफ्ट लैडिंग करने में कामयाब रहे हैं। लेकिन चंद्रयान-3 पर भारत के साथ ही दुनिया की नजर भी इसलिए टिकी है क्योंकि चांद के दक्षिणी ध्रुव की तरफ अभी तक कोई भी देश नहीं पहुंच पाया है। ऐसे में अगर चंद्रयान-3 का लैंडर चांद के दक्षिणी ध्रुव पर लैंड करता है तो दुनिया की किताबें भी भारत की इस कामयाबी का गुणगान करेगी.