अपने बच्चों की शादी हर मां-बाप का सपना होती है जिसे वो शायद उसके जन्म के बाद से ही देखना शुरु कर देते हैं। बच्चों की शादी के लिए मां-बाप अपनी जीवनभर की कमाई को संभालकर रखते हैं और अपने बच्चों की शादी को हर मां-बाप एक जश्न की तरह सेलिब्रेट करते हैं। अपनी खुशी जाहिर करने का हर मां-बाप का अपना अलग तरीका होता है। मगर तब क्या हो जब यही सेलिब्रेशन ही शादी टूटने की वजह बन जाए।

यूपी के संभल जिले से एक ऐसा ही चौंकाने वाला मामला सामने आया है जिसे सुनकर हर कोई हैरत में पड़ जाएगा। अपनी बेटी की शादी में एक मां ने इतना डांस किया कि इस बात से नाराज होकर दुल्हे ने शादी से ही इंकार कर दिया। दोनों पक्षों के बीच विवाद के बाद शादी ही टूट गई। दुल्हन की मां के डीजे पर नाचने की वजह से शादी टूटने की खबर पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गई है।

दरअसल, ये मामला हयातनगर थाना के कस्बा सरायतरीन का है। जहां के रहने वाले एक लड़के की पास के किसी कस्बे की लड़की से उसकी शादी तय हुई थी। जानकारी के मुताबिक, शादी समारोह सरायतरीन में ही था। इसलिए वधु पक्ष दुल्हन के साथ सरायतरीन आए थे। हर शादी में नाच-गाना तो होता ही है और आजकल इसके लिए डीजे का इंतजाम किया जाता है।

डीजे पर दुल्हन की मां ने जमकर डांस किया। दुल्हन की मां के डांस को देखकर यहां शादी में आए बाकि मेहमान जहां खूब ताली बजा रहे थे। वहीं, परिवार की एक महिला ने उसे रोकने की भी कोशिश की थी। लेकिन वो नाचने में इतनी ज्यादा मग्न थी कि किसी की परवाह किए बिना वो लगातार डीजे पर बिंदास डांस करती रही। ऐसे दुल्हन की मां को डांस करते देख दुल्हे के घरवालों ने ऐतराज जताया।

इसे लेकर दोनों पक्षों के बीच जमकर बहस हुई और फिर पूरे हालातों को देखकर दुल्हे ने शादी करने से ही मना कर दिया। दुल्हे के शादी से इंकार करने के बाद दुल्हन की मां अपने सभी रिश्तेदारों को लेकर वहां से वापस लौट आई। दुल्हे पक्ष का आरोप है कि दुल्हन की मां ने शराब पीकर पूरी बारात में डांस किया। इतना ही उसने सिगरेट के छल्ले भी उड़ाए।


















