महिलायें अपने हाथ में लें देश की बागडोर : प्रियंका गांधी वाड्रा - Punjab Kesari
Girl in a jacket

महिलायें अपने हाथ में लें देश की बागडोर : प्रियंका गांधी वाड्रा

पुलिस मुखिया महिला अपराध से संबंधित शिकायतों की जानकारी मुख्यमंत्री को दे सके। इससे सरकार को महिलाओं से

उत्तर प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त करते हुये कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने शुक्रवार को कहा कि नारी शक्ति को देश की सत्ता में वर्चस्व हासिल करने की जरूरत है। दो दिवसीय दौरे के पहले दिन श्रीमती वाड्रा ने यहां पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा‘‘ महिला अपराध के मामले में उत्तर प्रदेश देश में पहले नम्बर पर है। पिछले 11 महीनों में सिर्फ उन्नाव में बलात्कार की 90 घटनाये हो चुकी है। 
पुलिस महिलाओं की सुरक्षा करने के बजाय अपराधियों को संरक्षण दे रही है। उन्नाव के माखी में बलात्कार पीडिता को इंसाफ मिल नहीं पाया था कि उसके बाद संभल और मैनपुरी की घटनाओं ने पुलिस की कार्यशैली पर सवालिया निशान लगा दिया और अब उन्नाव की एक और घटना ने सरकार के महिला सुरक्षा के दावे की पोल खोल दी।’’
 उन्होने कहा कि देश की महिलाओं को चाहिये कि वे राजनीति में बढ चढ कर हिस्सा लें और पुरूषों की बजाय राजनीति में महिलाओं का वर्चस्व हो ताकि महिलाओं के अधिकार और उनकी सुरक्षा को लेकर बनाये गये कानून का अक्षरश: पालन हो सके। 
कांग्रेस महासचिव ने प्रदेश की योगी सरकार को सलाह दी कि वे पुलिस का स्पेशल सेल बनाये जहां हर जिले का पुलिस मुखिया महिला अपराध से संबंधित शिकायतों की जानकारी मुख्यमंत्री को दे सके। इससे सरकार को महिलाओं से संबंधित अपराधों को रोकने में मदद मिलेगी। 
तेलंगाना में पुलिस मुठभेड़ में मारे गये बलात्कार के आरोपियों के बारे में पूछे गये सवाल पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुये श्रीमती वाड्रा ने कहा ‘‘ कानून व्यवस्था का पालन कराना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिये। इस बारे में उन्हे विस्तृत रिपोर्ट नहीं मिली है। इसलिये प्रतिक्रिया देना अभी सही नहीं होगा।’’ उन्होने आरोप लगाया कि राज्य की योगी सरकार महिलाओं को सुरक्षा देने के बजाय अपराधियों को बचाने में लगी है। उन्नाव के माखी और मैनपुरी की घटनायें इसका प्रत्यक्ष प्रमाण हैं। उन्होने कहा कि महिलाओं के प्रति हो रहे अपराधों की रोकथाम के लिये कांग्रेस सड़कों पर उतरने पर भी गुरेज नहीं करेगी। 
पार्टी सूत्रों ने बताया कि श्रीमती वाड्रा ने प्रदेश कांग्रेस में हुये संगठनात्मक बदलाव के बाद के हालात की समीक्षा की और राज्य में 2022 में होने वाले राज्य विधानसभा चुनाव की तैयारियों का जायजा लिया। बैठक में पूर्व केन्द्रीय मंत्री जितिन प्रसाद और राजीव शुक्ला के अलावा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।