उत्तर प्रदेश : विधानसभा उपचुनाव, भाजपा समेत अन्य प्रमुख दलों के प्रत्याशियों ने भरे पर्चे - Punjab Kesari
Girl in a jacket

उत्तर प्रदेश : विधानसभा उपचुनाव, भाजपा समेत अन्य प्रमुख दलों के प्रत्याशियों ने भरे पर्चे

भाजपा प्रत्याशी के नामाकंन के समय कबीना मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य मौजूद थे जबकि श्रीमती तंजीम को उनके

उत्तर प्रदेश राज्य विधानसभा की 11 सीटों पर 21 अक्टूबर को होने वाले उपचुनाव के लिये भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) समेत अन्य प्रमुख दलों के प्रत्याशियों ने सोमवार को नामाकंन के अंतिम दिन अपने पर्चे दाखिल किये। भाजपा दस सीटों पर उपचुनाव में किस्मत आजमा रही है जबकि प्रतापगढ की सदर सीट पर सहयोगी अपना दल (एस) के उम्मीदवार ने अपना पर्चा दाखिल किया। वहीं समाजवादी पार्टी (सपा) ने भी दस ही सीटों पर अपना प्रत्याशी उतारे है जबकि अलीगढ़ की इग्लास सीट उसने सहयोगी राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के लिये छोडी है। उपचुनाव में पहली मर्तबा किस्मत आजमा रही बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के अलावा कांग्रेस के उम्मीदवारों ने भी अपने पर्चे भरे। 
नामाकंन पत्रों की जांच मंगलवार को होगी जबकि तीन अक्टूबर तक नाम वापस लिये जा सकेंगे। मतदान 21 अक्टूबर को होगा और मतपत्रों की गणना 24 अक्टूबर को होगी। लखनऊ की कैंट सीट से भाजपा उम्मीदवार सुरेश तिवारी का नामांकन जुलूस भाजपा कार्यालय से निकल कर कलेक्ट्रेट आफिस पहुंचा जहां उप मुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह की मौजूदगी में उन्होने नामांकन किया। इसी सीट से समाजवादी पार्टी प्रत्याशी मेजर आशीष चतुर्वेदी भी कलेक्ट्रेट आफिस पर्चा दाखिल करने पहुंचे।
श्री तिवारी इससे पहले तीन बार कैंट सीट से विधायक रहे हैं। हालांकि 2017 के विधानसभा चुनाव में पार्टी ने उनका टिकट काट कर कांग्रेस से पार्टी में आईं प्रो। रीता बहुगुणा जोशी को उम्मीदवार बनाया था। वह चुनाव जीतने के साथ ही कैबिनेट मंत्री भी बनी थीं। लोकसभा चुनाव में रीता जोशी ने प्रयागराज सीट से चुनाव लड़ था और उनकी जीत से कैंट सीट खाली हो गई थी। 
रामपुर सीट के लिये भाजपा उम्मीदवार भारत भूषण गुप्ता ने पर्चा भरा जहां उनका मुकाबला सपा के कद्दावर नेता आजम खां की पत्नी तंजीम से होगा। यह सीट श्री खां के लोकसभा के लिये निर्वाचित होने के कारण रिक्त हुयी है। सपा की प्रतिष्ठा का सवाल बनी इस सीट पर रोचक मुकाबले की उम्मीद है। श्रीमती तंजीम इस समय राज्यसभा सदस्य है जिनका कार्यकाल अगले साल समाप्त होगा। उनके पति आजम खां इस सीट पर नौ बार चुनाव जीत चुके हैं। 
भाजपा प्रत्याशी के नामाकंन के समय कबीना मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य मौजूद थे जबकि श्रीमती तंजीम को उनके पति आजम खां का साथ मिला।
सहारनपुर के गंगौह सीट पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार चौधरी किरत सिंह के साथ पर्चा दाखिल कराने के समय राज्य मंत्री अशोक कटारिया और धर्मसिंह सैनी, चैधरी आत्मासिंह मौजूद रहे जबकि सपा उम्मीदवार चौधरी इंदर सैन का पर्चा दाखिल कराने के वक्त सपा विधायक संजय गर्ग और शशि बाला पुंडीर आदि नेता मौजूद थे। कांग्रेस की ओर से नौमान मसूद ने और बसपा की ओर से पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष चौधरी इरशाद के नामांकन दाखिल हुए हैं।
 
प्रतापगढ़ जिले में सदर विधान सभा उप चुनाव के लिए नामांकन के आखिरी दिन भारतीय जनता पार्टी, अपनादल ऐस के संयुक्त प्रत्याशी राजकुमार पाल,समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी बृजेश पटेल, कांग्रेस प्रत्याशी डाक्टर नीरज त्रिपाठी ने आज अपना नामांकन पत्र प्रस्तुत किया वहीं बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी पटेल पहले ही अपना नामांकन पत्र प्रस्तुत कर चुके है।
 
कानपुर की गोविंदनगर विधानसभा सीट के लिये सुरेन्द्र मैथानी ने कलेक्ट्रेट पहुंच कर नामाकंन कराया। नामाकंन जुलूस को लेकर कुछ समय के लिये कचहरी परिसर में कामकाज प्रभावित हुआ। अलीगढ के इग्लास में भाजपा के राजकुमार सहयोगी, बाराबंकी के जैदपुर से अंबरीश रावत, चित्रकूट के मानिकपुर से आनंद शुक्ला,अंबेडकरनगर में जलालपुर सीट से राजेश सिंह, बहराइच की बलहा सीट पर सरोज सोनकर और मऊ की घोसी सीट पर विजय राजभर ने गाजे बाजों के साथ जुलूस निकाला और पर्चा भरा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

seven + eight =

Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।