उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था खराब होती नजर आ रही है। इसी को लेकर सपा के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि यूपी की कानून व्यवस्था ध्वस्त है। लूट, चेन स्नेचिंग, अन्याय, अत्याचार से महिलाएं, बेटियां और आमजन परेशान है। बता दें महिलाओं से दुष्कर्म के मामले में उत्तर प्रदेश ने रिकॉर्ड बना रखा है। प्रदेश की बेलगाम पुलिस अपराधों को रोक पाने में विफल है। पुलिस गरीबों के साथ अन्याय कर रही है। बीजेपी सरकार के छह साल में कानून व्यवस्था में लगातार गिरावट आई है।
लूट की घटनाओं से हालात का अंदाजा लगाया जा सकता है
आपको बता दें अखिलेश यादव ने कहा, “बीजेपी सरकार दावा करती है कि महिलाएं रात में बेखौफ होकर गहने पहन कर निकल सकती है, लेकिन बेखौफ लूटेरे लगातार महिलाओं को दिन दहाड़े लूट रहे हैं। गोरखपुर के गिरधरगंज में दस लाख की लूट हो गयी. गोरखपुर मुख्यमंत्री जी का गृह जनपद है। वहां अपराधों पर जब नियंत्रण नहीं तो बाकी जगहों का क्या हाल होगा? कानपुर में महीने भर में चेन स्नेचिंग की दस से ज्यादा लूट की घटनाओं से हालात का अंदाजा लगाया जा सकता है।
कठिंगरा गांव में पुलिस से हाथापाई कर दीवान की वर्दी फाड़ दी
साथ ही सपा प्रमुख ने कहा, “राजधानी लखनऊ में लूट की कई घटनाएं हो चुकी है। अकेले राजधानी लखनऊ में ही एक दिन में आधा दर्जन से ज्यादा घटनाएं दर्ज हुई। पिछली 11 जुलाई की रात एक सर्राफा को लूट लिया गया। लखनऊ के गुडम्बा थाने की पुलिस ने चोरी की धारा लगाकर मामला दबा दिया। ठाकुरगंज में दो बदमाशों ने कार से 50 हजार रू0 उड़ा दिए। काकोरी के कठिंगरा गांव में पुलिस से हाथापाई कर दीवान की वर्दी फाड़ दी गई। खदरा में युवती से छेड़छाड़ की घटना हुई।