राजस्थान में मिली चिन्मयानंद स्वामी पर आरोप लगाने वाली लापता लड़की

ओपी सिंह ने बताया “हमारी टीमें पिछले चार पांच दिनों से कई जगहों पर फैली हुई थीं। अंतत:

पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वामी चिन्मयानंद प्रकरण में कथित रूप से लापता लड़की राजस्थान में बरामद हुई है। यह जानकारी उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ओपी सिंह ने शुक्रवार को दी। डीजीपी ने कहा, ”शाहजहांपुर प्रकरण में कथित रूप से लापता लड़की को बरामद कर लिया गया है, वह राजस्थान में मिली है।” 
उन्होंने कहा कि लड़की ने अपहरण का आरोप लगाया था। ओपी सिंह ने बताया ‘‘हमारी टीमें पिछले चार पांच दिनों से कई जगहों पर फैली हुई थीं। अंतत: लड़की को राजस्थान से बरामद किया गया है। लड़की को शाहजहांपुर लाया जा रहा है।” प्रकरण से जुडे और सवालों पर डीजीपी ने ब्यौरा बाद में साझा करने की बात कही। 


उन्होंने कहा, ”पूरी चीजें बाद में बताउंगा।” मालूम हो कि शाहजहांपुर में चिन्मयानंद के एक महाविद्यालय से एलएलएम कर रही एक छात्रा ने सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करके चिन्मयानंद पर जान से मारने की धमकी देने और खुद के बदहाली में जीने की बात बताते हुए सरकार से मदद मांगी थी। 

24 अगस्त को फेसबुक पर अपलोड किए गए एक वीडियो में छात्रा ने चिन्मयानंद की तरफ इशारा करते हुए कहा था कि उनसे उसे और उसके परिवार को जान का खतरा है। इस मामले में छात्रा के पिता की तहरीर पर चिन्मयानंद के विरुद्ध अपहरण और जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज किया गया है। 
बरेली जोन के अपर पुलिस महानिदेशक अविनाश चंद्र ने बुधवार को बताया था कि चिन्मयानंद पर जिस लड़की के अपहरण का आरोप है, उसकी आखिरी लोकेशन 23 अगस्त को दिल्ली के द्वारका इलाके में स्थित एक होटल में मिली थी। पुलिस दल के वहां पहुंचने से पहले ही लड़की वहां से जा चुकी थी। 
सीसीटीवी फुटेज में लड़की के साथ एक लड़का भी दिखाई दिया था। लड़की के पिता हरीश चंद्र गुप्ता के मुताबिक 23 अगस्त को वीडियो वायरल होने के बाद पता लगाने पर लड़की के हॉस्टल के कमरे में ताला लगा पाया गया था। उसके बाद 24 अगस्त को दिल्ली के एक अनजान मोबाइल नंबर से उनकी बेटी का फोन आया। उसने बताया कि वह ठीक है। उसके बाद उसने कॉल खत्म कर दी। 
जब उसकी मां ने खुद उस नम्बर पर फोन किया तो दिल्ली के एक होटल के कर्मचारी ने उठाया और बताया कि सफेद कार से आई एक लड़की ने मोबाइल का रीचार्ज खत्म होने की बात कहकर उसके फोन से बात की थी। शहर कोतवाल प्रवेश सिंह ने गुरुवार को बताया था कि स्वामी शुकदेवानंद विधि महाविद्यालय परिसर में बने छात्रावास में लड़की कमरा नंबर 105 में रहती थी, जिसे बुधवार देर शाम सील कर दिया गया ताकि सुबूतों के साथ छेड़छाड़ न की जा सके। 
साथ ही किसी भी बाहरी व्यक्ति के छात्रावास में जाने पर रोक लगा दी गई थी। शाहजहांपुर से लापता छात्रा के परिजनों से गुरूवार को उत्तर प्रदेश महिला आयोग की अध्यक्ष विमला बाथम ने बात की थी। बाथम ने परिजनों को विश्वास दिलाया कि उनके साथ न्याय होगा और मामले की निष्पक्ष जांच होगी। 
आयोग द्वारा जारी बयान के मुताबिक, बाथम ने पुलिस अधीक्षक शाहजहांपुर और एडीजी, जोन बरेली से बात कर उनसे मामले की विस्तृत जानकारी ली। बुधवार को आयोग ने शाहजहांपुर जिला प्रशासन से छात्रा के बारे में विस्तृत रिपोर्ट मांगी थी। 
बाथम ने संवादादाताओं को बताया था, ”हमने मामले का संज्ञान लिया है और इस संबंध में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक शाहजहांपुर से रिपोर्ट मांगी है। हम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं और हम उम्मीद करेंगे छात्रा सुरक्षित घर वापस आए।” पुलिस अधीक्षक नगर दिनेश त्रिपाठी ने गुरूवार को बताया था कि अपहृत की तलाश के लिए पोस्टर जारी किए गए हैं। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।