उत्तर प्रदेश की मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (SP) के संस्थापक मुलायम सिंह यादव (Mulayam Singh Yadav) का आज उनके पैतृक गांव सैफई में करीब 3 बजे अंतिम संस्कार किया जाएगा। मुलायम सिंह यादव का 82 वर्ष की आयु में गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में सोमवार को निधन हो गया था। नेताजी के नाम से मशहूर मुलायम सिंह के अंतिम दर्शन में उनके चाहने वालों की भीड़ एकत्रित हो चुकी है। बता दें कि कल उनके निधन के उपरांत केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मेदांता अस्पताल में शोक व्यक्त करने गए थे।
देश के कई वरिष्ठ नेता उनके अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए सैफई पहुंच रहे है। मिली जानकारी के अनुसार, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा दोनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला, बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमलनाथ, मल्लिकार्जुन खड़गे, सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर,जदयू नेता केसी त्यागी और तेलंगाना के मुख्यमंत्री KCR, समेत कई केंद्रीय मंत्री शामिल होंगे। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) प्रमुख शरद पवार की भी अंतिम संस्कार में शामिल होने की चर्चा है।
सपा संस्थापक का राजनीतिक सफर
मुलायम सिंह यादव का जन्म 22 नवंबर 1939 को इटावा जिले के सैफई गांव में हुआ था। वह देश और प्रदेश की सियासत के प्रमुख नेताओं में शुमार है। यादव 3 बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री, 7 बार लोकसभा सांसद और 10 बार विधायक रह चुके हैं। वह देश के रक्षा मंत्री की कमान भी संभाल चुके हैं।