UP News: यूपी में लोकसभा चुनाव के परिणामों के शानदार नतीजों से उत्साहित होकर कांग्रेस पार्टी 11 जून से 15 जून तक प्रदेश में धन्यवाद यात्रा निकालेगी। यात्रा में पार्टी के वरिष्ट नेताओं और कार्यकर्ताओं के शामिल होने की उम्मीद है। पार्टी कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रिंयका गांधी का संदेश जनता तक पहुंचाएगी। यात्रा के दौरान विभिन्न समुदाय के लोगों को संविधान के प्रति सम्मानित किया जाएगा। कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों में से छह पर जीत हासिल की, जबकि उसकी सहयोगी समाजवादी पार्टी (सपा) ने 37 सीटें हासिल कीं। दोनों पार्टियों ने भाजपा को पछाड़ दिया, जो 33 सीटें जीतने में कामयाब रही।
Highlights:
- UP में अपनी जीत के बाद कांग्रेस 11 जून से 15 जून तक निकालेगी ‘धन्यवाद यात्रा’
- कांग्रेस के महासचिव और प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय ने यात्रा की दी जानकारी
- कांग्रेस ने यूपी की 80 सीट में से 6 सीट पर जीत हासिल की है।
ये जानकारी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय ने दी। उन्होंने शुक्रवार को मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी ने लोकसभावार चुनाव परिणाम की समीक्षा की। हम 17 सीटों पर लड़े और छह पर जीते। हमने गठबंधन के रूप में चुनाव में भाग लिया और हमारा गठबंधन प्रदेश की 43 सीटों पर विजयी रहा। बैठक में महिला अधिकार समेत 9 प्रस्ताव पास किए गए।
उन्होंने कहा कि हमने बैठक में आने वाले समय में जिम्मेदारियों की चर्चा की और 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भी चर्चा की। हमारी केंद्र में सरकार नहीं है लेकिन किसानों के प्रति अन्याय, उनकी फसलों की कीमत के लिए संघर्ष करेंगे। युवाओं के रोजगार के लिए संघर्ष करेंगे। उन्होंने अमेठी, रायबरेली और वाराणसी की जनता का भी आभार जताया। साथ ही कहां, राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से जनता हमसे जुड़ी। देश के संविधान पर खतरा मंडरा रहा था। यूपी की जनता ने अपनी जिम्मेदारी का बखूबी निर्वहन किया। कांग्रेस के हर कार्यकर्ता और पदाधिकारी ने संसाधन के अभाव में भी पूरा सहयोग किया और कठोर मेहनत की। प्रदेश में नया बदलाव आया है।
देश और दुनिया की तमाम खबरों के लिए हमारा YouTube Channel ‘PUNJAB KESARI’ को अभी subscribe करें। आप हमें FACEBOOK, INSTAGRAM और TWITTER पर भी फॉलो कर सकते हैं।