UP बस पॉलिटिक्स : प्रियंका गांधी ने CM योगी से कहा- आप चाहें तो बसों पर BJP का बैनर लगवा दें, लेकिन श्रमिकों को ले जाने की अनुमति दें - Punjab Kesari
Girl in a jacket

UP बस पॉलिटिक्स : प्रियंका गांधी ने CM योगी से कहा- आप चाहें तो बसों पर BJP का बैनर लगवा दें, लेकिन श्रमिकों को ले जाने की अनुमति दें

श्रमिकों के लिए बसों को लेकर उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार के साथ चल रहे आरोप-प्रत्यारोप के बीच

श्रमिकों के लिए बसों को लेकर उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार के साथ चल रहे आरोप-प्रत्यारोप के बीच कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने मंगलवार को कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चाहें तो इन बसों पर भाजपा एवं अपने बैनर-पोस्ट लगवा दें, लेकिन इनसे श्रमिकों को, उनके गंतव्यों तक पहुंचाने की अनुमति प्रदान करें।
प्रियंका ने ट्वीट कर कहा, ‘‘उप्र सरकार ने हद कर दी है। जब राजनीतिक परहेजों को परे करते हुए त्रस्त और असहाय प्रवासी भाई बहनों की मदद करने का मौका मिला तो दुनिया भर की बाधाएं सामने रख दीं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘योगी आदित्यनाथ जी, इन बसों पर आप चाहें तो भाजपा का बैनर लगा दीजिए, अपने पोस्टर बेशक लगा दीजिए, लेकिन हमारे सेवा भाव को मत ठुकराइए, क्योंकि इस राजनीतिक खिलवाड़ में तीन दिन व्यर्थ हो चुके हैं। और इन्ही तीन दिनों में हमारे देशवासी सड़कों पर चलते हुए दम तोड़ रहे हैं।’’

कांग्रेस पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी ने कहा, ‘‘उप्र सरकार का खुद का बयान है कि हमारी 1049 बसों में से 879 बसें जांच में सही पायी गईं। ऊंचा नागला बॉर्डर (आगरा के निकट) पर आपके (आदित्यनाथ) प्रशासन ने हमारी 500 बसों से ज्यादा बसों को घंटों से रोक रखा है। इधर दिल्ली बॉर्डर पर भी 300 से ज्यादा बसें पहुंच रही हैं।’’ उन्होंने आग्रह किया, ‘‘कृपया इन 879 बसों को तो चलने दीजिए। हम आपको कल 200 बसों की नई सूची दिलाकर बसें उपलब्ध करा देंगे। बेशक, आप इस सूची की भी जांच कीजिएगा। लोग बहुत कष्ट में हैं तथा दुखी हैं। हम और देर नहीं कर सकते।’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।