UP विधानसभा चुनाव : कांग्रेस ने जारी की उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट, महिलाओं को 40% टिकट - Punjab Kesari
Girl in a jacket

UP विधानसभा चुनाव : कांग्रेस ने जारी की उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट, महिलाओं को 40% टिकट

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस ने उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस ने उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में 40 फीसदी सीट पर कांग्रेस ने महिलाओं उम्मीदवार बनाया है। कुल 41 उम्मीदवारों में से 16 महिला उम्मीदवारों को टिकट दिए गए हैं। इसके साथ ही अब तक कुल 166 उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं जिनमें 66 महिलाएं है।
कांग्रेस महासचिव और उत्तर प्रदेश की पार्टी प्रभारी प्रियंका गांधी वाद्रा ने कुछ महीने पहले ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ अभियान की शुरुआत करते हुए घोषणा की थी कि विधानसभा चुनाव में 40 प्रतिशत टिकट महिलाओं को दिए जाएंगे। 13 जनवरी को जारी 125 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट में 50 महिलाओं को टिकट दिया गया था।
जानें किसको कहां से मिला टिकट
कांग्रेस की ओर से जारी दूसरी सूची के अनुसार, सहारनपुर नगर से सुखविंदर कौर, चरथावल (मुजफ्फरनगर) से यासमीन राणा, ठाकुरद्वारा (मुरादाबाद) से सलमा आगा अंसारी, बिलारी (मुरादाबाद) से कल्पना सिंह, चंदौसी (संभल) से मिथिलेश, साहिबाबाद (गाजियाबाद) से संगीता त्यागी, मोदी नगर (गाजियाबाद) से नीरज कुमारी प्रजापति और हापुड़ से भावना वाल्मीकि को उम्मीदवार बनाया गया है।
इनके अलावा, स्याना विधानसभा सीट (बुलंदशहर) से पूनम पंडित, डिबाई (बुलंदशहर) से सुनीता शर्मा, खैर (अलीगढ़) से मोनिका सूर्यवंशी, इगलास (हाथरस) से प्रीति धनगर, छाता (मथुरा) से पूनम देवी, मांट (मथुरा) से सुमन चौधरी, नवाबगंज (बरेली) से ऊषा गंगवार और अकबरपुर से प्रियंका जायसवाल को टिकट दिया गया है।

UP : रायबरेली सदर से विधायक अदिति सिंह ने कांग्रेस से दिया इस्तीफा, सोनिया को भेजा त्यागपत्र

इन 16 महिला उम्मीदवारों के साथ ही कांग्रेस ने अपनी दूसरी सूची में अलग-अलग वर्गों के लोगों को उम्मीदवार बनाया है।कांग्रेस ने कैराना से हाजी अखलाक, थाना भवन से सत्य श्याम सैनी, बुढाना से देवेंद्र कश्यप, शामली से अयूब जंग, मुजफ्फरनगर से सुबोध शर्मा, पुरकाजी से दीपक कुमार, बागपत से अनिल देव त्यागी, आगरा कैंट से सिकंदर वाल्मीकि और कटरा से मुन्ना सिंह को उम्मीदवार बनाया है। 
महिलाओं को बड़ी संख्या में टिकट देने के सवाल पर प्रियंका गांधी ने कहा था कि, ‘‘हमने महिलाओं की बात शुरू की तो सभी पार्टियां घोषणाएं करने लगीं। बीजेपी, सपा, रालोद, बसपा सबने घोषणाएं कीं। हमारी सफलता यही है कि अब महिलाओं को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।’’ उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव सात चरणों में होगा। पहले चरण का मतदान 10 फरवरी को और सातवें एवं अंतिम चरण का मतदान सात मार्च को होगा। 10 मार्च को नतीजे घोषित होंगे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।