उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक पार्टियों ने अलग-अलग रणनीति पर काम करना शुरू कर दिया है। चुनावों के मद्देनजर समाजवादी पार्टी (सपा) ने अपना पहला प्रचार वीडियो जारी किया है, जिसमें कहा गया है, सुख-दुख में साथ निभाया है, सुख-दुख में साथ निभाएंगे। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपने ट्विटर हैंडल पर शेयर किया है।
वीडियो में उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और उनकी पत्नी डिंपल यादव, जो एक पूर्व सांसद भी हैं, उनकी झलक देखने मिलती है, जो पिछले साल के लॉकडाउन के दौरान जरूरतमंद लोगों तक मदद के लिए पहुंचते दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान उन्हें और पार्टी के कार्यकतार्ओं को जरूरतमंदों को भोजन के पैकेट और दवाएं बांटते हुए देखा जा सकता है।
सुख दुःख में साथ निभाया है
सुख दुःख में साथ निभाएँगे pic.twitter.com/LxyBYnrfZP— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) June 27, 2021
महामारी के दौरान प्रवासी श्रमिकों के घर लौटने के कई सीन दिखाई गए हैं। इस वीडियो में समाजवादी पार्टी ने कोरोना काल के दौरान लोगों को परेशान होते हुए दिखाने के साथ सूबे की योगी सरकार की तमाम कमियों पर नजर डाली है। इससे साफ है कि सपा बीजेपी सरकार पर हमला करने का कोई मौका नहीं चूक रही है।
वीडियो में लखनऊ मेट्रो सहित सपा सरकार द्वारा शुरू की गई विकास योजनाओं पर भी प्रकाश डाला गया है और अखिलेश को आगरा एक्सप्रेसवे पर लोगों से मिलते हुए और छात्रों के बीच लैपटॉप बांटते हुए दिखाया गया है। सपा के चुनाव अभियान के लिए लॉन्च किए गए इस वीडियो में नदियों में बहाए गए शवों की तस्वीरें भी दिखाई गई हैं और इसे महामारी से निपटने के लिए सत्तारूढ़ बीजेपी पर हमला करने के रूप में देखा जा रहा है।
यूपी चुनाव 2022 में ओवैसी की एंट्री, सीट बंटवारे पर बोले राजभर- ‘भागीदारी संकल्प मोर्चा’ को कोई समस्या नहीं
आकर्षक बैकग्राउंड म्यूजिक के साथ वीडियो बनाया गया है, जिसमें एक गाना चलता रहता है। इसमें महामारी के दौरान लोगों की समस्याओं और दुखों पर ध्यान केंद्रित किया गया है। वीडियो का अंत आपकी उम्मीदें, फर्ज है मेरा के नारे के साथ होता है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, पार्टी इस महीने के अंत में औपचारिक रूप से अपना अभियान शुरू करेगी।