उत्तर प्रदेश के हाथरस में मंगलवार को एक पिकअप और कंटेनर के बीच टक्कर होने से सात लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। हादसा राज्य के हाथरस जिले में मथुरा-कासगंज राजमार्ग पर हुआ। मृतकों में तीन पुरुष और तीन महिलाएं और एक बच्चा शामिल है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाथरस दुर्घटना में लोगों की मौत पर शोक व्यक्त करते हुए घटना को “बेहद दुखद” और “दिल दहला देने वाला” बताया।
मथुरा-कासगंज हाईवे पर हुए सड़क हादसे में लोगों की मृत्यु अत्यंत दुखद
जिला प्रशासन के अधिकारियों को राहत कार्य तेजी से चलाने और घायलों को उचित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। सीएम योगी ने सोशल मीडिया पर एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, “हाथरस जिले में मथुरा-कासगंज हाईवे पर हुए सड़क हादसे में लोगों की मृत्यु अत्यंत दुखद और हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिवार के साथ हैं। जिला प्रशासन के अधिकारियों को राहत कार्य तेजी से चलाने और घायलों को तत्काल उचित उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की
मैं भगवान राम से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें। मुख्यमंत्री के आधिकारिक बयान के अनुसार, योगी आदित्यनाथ ने हाथरस जिले में मथुरा-कासगंज हाईवे पर हुए सड़क हादसे का संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने तत्काल जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों को अस्पताल पहुंचाने और उनका उचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की है। जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं और राहत कार्य में लगे हुए हैं।