CM योगी ने सपा पर साधा निशाना, बोले- पांच साल पहले यूपी में अराजकता का माहौल था - Punjab Kesari
Girl in a jacket

CM योगी ने सपा पर साधा निशाना, बोले- पांच साल पहले यूपी में अराजकता का माहौल था

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 से पहले की सरकार में आतंकवादियों और माफियाओं के मुकदमे वापस

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव का घमासान काफी जोरो पर है। ऐसे में सत्ता पक्ष और विपक्षी दल एक दूसरे पर तीखे वार कर रहे है। तो वहीं, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 से पहले की सरकार में आतंकवादियों और माफियाओं के मुकदमे वापस लिये जाते थे, जबकि पिछले पांच सालों में उनकी सरकार ने इन्ही आपराधिक तत्वों की अवैध संपत्तियों पर बुलडोजर चलाने का काम किया है। 
बहू बेटियों का घर से बाहर निकलना मुश्किल था 
जिले की सेवता एवं महमूदाबाद विधानसभा क्षेत्र में शनिवार को अपनी चुनावी जनसभा में कहा कि पांच साल पहले उत्तर प्रदेश में अराजकता का माहौल था। बिजली नहीं आती थी, गुंडागर्दी चरम सीमा पर थी। प्रदेश में दंगे होते थे,व्यापारी चैन से व्यापार नहीं कर सकते थे। बहू बेटियों का घर से बाहर निकलना मुश्किल था। ऐसी विषम परिस्थितियों में भाजपा ने सत्ता संभाली और अपने पांच सालों के कार्यकाल में माफियाओं और गुंडों को घुटनो के बल बैठा दिया। 
कोरोना महामारी में बिना भेदभाव के निशुल्क वैक्सीन दी गई 
उन्होने बताया कि बिजली अब बिना भेदभाव के गांव तक में आ रही है। व्यापारी अब चैन से व्यापार कर रहा है। बहू बेटियां सुरक्षित है। कोई मनचला परेशान नहीं कर सकता। डबल इंजन की सरकार में उत्तर प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। प्रदेश सरकार ने युवाओं को पांच लाख सरकारी नौकरियां दी है। कोरोना महामारी में बिना भेदभाव के निशुल्क वैक्सीन दी गई। प्रदेश में 15 करोड़ लोगों को हर महीने दो बार राशन, साथ में नमक दाल और तेल दिया जा रहा है। 
योगी ने कहा कि माफियाओं की जगह अब जेल में है। उनकी अवैध संपत्तियों पर बुलडोजर चलाया गया है। प्रदेश में सुरक्षा का माहौल बना है। युवाओं को रोजगार दिए जा रहे हैं। पिछली सरकारें आतंकवादियों माफियाओं के मुकदमे वापस लेती थी वहीं भाजपा सरकार सबका साथ सबका विकास के मूल मंत्र के साथ काम कर रही है। पिछली सरकारों में यह दंगा प्रदेश हो गया था, माफियाओं का बोलबाला था। भाजपा ही प्रदेश को स्वच्छ शासन और प्रशासन दे रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

four × 3 =

Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।