स्वतंत्र देव सिंह ने UP बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष के पद से दिया इस्तीफा, किस चेहरे पर दांव खेलेगी पार्टी? - Punjab Kesari
Girl in a jacket

स्वतंत्र देव सिंह ने UP बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष के पद से दिया इस्तीफा, किस चेहरे पर दांव खेलेगी पार्टी?

स्वतंत्र देव सिंह के इस्तीफा देते ही अगले प्रदेश अध्यक्ष के नाम को लेकर चर्चा शुरू हो गयी

उत्तर प्रदेश बीजेपी के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने प्रदेश पार्टी प्रमुख के पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को भेज दिया है। हालांकि नए अध्यक्ष की घोषणा तक स्वतंत्रदेव पार्टी के कार्यक्रमों में बतौर प्रदेश अध्यक्ष काम करते रहेंगे।
स्वतंत्र देव सिंह के इस्तीफा देते ही अगले प्रदेश अध्यक्ष के नाम को लेकर चर्चा शुरू हो गयी है। आने वाले दिनों में इसपर पार्टी अपनी स्थिति साफ़ कर सकती है। माना जा रहा है कि नया प्रदेश अध्यक्ष ओबीसी, ब्राह्मण में से कोई हो सकता है। या पश्चिमी उत्तर प्रदेश के किसी चेहरे को भी यह पद सौंपा जा सकता है।
16 जुलाई को पूरा हो गया था स्वतंत्र देव सिंह का कार्यकाल
स्वतंत्र देव को 16 जुलाई, 2019 को पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। उनका तीन साल का कार्यकाल 16 जुलाई, 2022 को पूरा हो गया। वह फिलहाल प्रदेश सरकार में जलशक्ति मंत्री हैं। सूत्रों का कहना है कि जलशक्ति राज्यमंत्री दिनेश खटीक के इस्तीफा देने के बाद स्वतंत्रदेव पर दबाव बढ़ गया था। 
पार्टी के एक खेमे ने स्वतंत्रदेव को यह आरोप लगाते हुए घेरना शुरू किया था कि वह मंत्री के साथ प्रदेश अध्यक्ष भी हैं। इस दबाव से बचने के लिए स्वतंत्रदेव ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को इस्तीफा दिया है। मुख्यमंत्री आवास पर बुधवार शाम हुई पार्टी की कोर कमेटी की बैठक में भी स्वतंत्रदेव शामिल हुए। 
वहीं यदि शुक्रवार तक नए प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा नहीं हुई तो 29 से 31 जुलाई तक चित्रकूट में होने वाले तीन दिवसीय प्रशिक्षिण शिविर में भी स्वतंत्रदेव बतौर प्रदेश अध्यक्ष शामिल होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।