पशुधन मामले को लेकर UP सरकार पर प्रियंका का वार, सचिवालय को बताया भ्रष्टाचार का अड्डा - Punjab Kesari
Girl in a jacket

पशुधन मामले को लेकर UP सरकार पर प्रियंका का वार, सचिवालय को बताया भ्रष्टाचार का अड्डा

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने मंगलवार को प्रदेश के पशुधन मामले को लेकर आरोप लगाया कि भाजपा

शिक्षक भर्ती घोटाले को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार पर लगातार हमला कर रही कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने मंगलवार को प्रदेश के पशुधन मामले को लेकर आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के तहत राज्य का सचिवालय भ्रष्टाचार का अड्डा बन गया है। उन्होंने यह सवाल भी किया कि क्या मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को कार्यपालिका से जुड़े भ्रष्टाचार की भनक नहीं है? 
कांग्रेस की उत्तर प्रदेश प्रभारी ने ट्वीट किया, ‘‘ उप्र की भाजपा सरकार में प्रदेश का सबसे बड़ा दफ्तर सचिवालय भ्रष्टाचार का अड्डा बन गया है। पशुधन विभाग के घोटाले ने सरकार के पूरे भ्रष्ट तंत्र की कलई खोल दी। प्रदेश की कार्यपालिका के केंद्र के इर्द-गिर्द भ्रष्टाचार ही भ्रष्टाचार है।’’ प्रियंका ने कहा, ‘‘क्या मंत्रियों व मुख्यमंत्री को इसकी भनक ही नहीं है? यदि ऐसा है तो ये तथ्य चौंकाने वाला है। ये उत्तर प्रदेश सरकार की कार्यशैली पर सवालिया निशान है।’’ 

गौरतलब है कि पशुधन विभाग में करोड़ों रुपये का ठेका दिलाने के बदले इंदौर के व्यापारी मंजीत भाटिया से कथित तौर पर 9.72 करोड़ रुपये हड़पने का मामला इन दिनों उत्तर प्रदेश की राजनीति में गर्माया हुआ है। इस मामले में एसटीएफ ने रविवार को पशुधन राज्यमंत्री जयप्रकाश निषाद के निजी सचिव धीरज कुमार देव और प्रधान सचिव रजनीश दीक्षित के अलावा एके राजीव, अनिल राय, रूपक राय, उमाशंकर तिवारी और आशीष राय नामक आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 

दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन तेज बुखार के बाद अस्पताल में हुए भर्ती, कोविड-19 टेस्ट भी हुआ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।