गोरखपुर में बीजेपी पर बरसीं प्रियंका गांधी, कहा- 7 साल में गंवा दी 70 साल की मेहनत - Punjab Kesari
Girl in a jacket

गोरखपुर में बीजेपी पर बरसीं प्रियंका गांधी, कहा- 7 साल में गंवा दी 70 साल की मेहनत

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव व उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी रविवार को गोरखपुर पहुंच गई। और योगी के

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव व उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी रविवार को गोरखपुर पहुंच गई। और योगी के गढ़ गोरखपुर में प्रतिज्ञा रैली की।  यहां चंपा देवी पार्क से गोरखपुर-बस्ती मंडल की 41 सीटों को एक साथ साध रही हैं। इस दौरान उन्होंने योगी सरकार पर जमकर निशाना साधा। प्रियंका ने कहा कि मैं कुछ महीने पहले प्रयागराज के बसवार गांव गयी थी। वहां पुलिस ने निषादों की नाव को जला दिया था। नदी पर किसी का अधिकार है तो वो निषादों का है। इसके अलावा प्रियंका गांधी ने किसानों, खाद की कमी, महिला सुरक्षा और रोजगार जैसे कई और मुद्दों पर भी योगी सरकार को कटघरे में खड़ा किया।
 फसल सब बड़े-बड़े उद्योगपतियों के हाथ में दे गई हैं-प्रिंयका 
प्रियंका ने कहा कि आज किसान प्रताड़ित है, त्रस्त है, सरकार उनकी बिल्कुल नहीं सुन रही है। जहां लोग संघर्ष कर रहे हैंं और जहां मदद की जरुरत है। वहां सरकार कुछ नहीं करती है। सरकार मुंह फेर लेती है। खाद, खेती, फसल सब बड़े-बड़े उद्योगपतियों के हाथ में दे दी गई है। खाद के लिए लाइन में लगे-लगे लोगों की मौत रही है। जब मैं मृत किसानों के परिवार से मिली तो वहां कुछ नहीं था। न वहां सरकारी मदद थी, न गैस सिलेंडर था, था तो सिर्फ उस किसान का रोता हुआ परिवार।
प्रियंका ने सीएम योगी आदित्यनाथ पर सीधा हमला भी बोला। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ का शासन गुरु गोरखनाथ जी के विचारों से बिल्कुल अलग चल रहा है।
अजय कुमार लल्लू ने जनता को संबोधित किया
प्रतिज्ञा रैली के माध्यम से दोनों मंडलों के लोगों से महिलाओं को 40 प्रतिशत सीटों पर हिस्सेदारी, किसानों का पूरा कर्ज माफ, बिजली बिल हाफ और कोरोना काल का पूरा बकाया साफ करने, 20 लाख को सरकारी रोजगार देने जैसे वादों को ‘हम वचन निभाएंगे’ नारे की प्रतिज्ञा लेंगी।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री झूठ बोलने के अलावा कभी सच नहीं बोलते हैं। सपा, भाजपा और बसपा ने चीनी मिलों को औने-पौने दामों पर नीलाम कर दिया। यूपी के बुनकर और किसान हताश है, निराश है, हैरान है, परेशान है। हमारे प्रदेश के मुख्यमंत्री संत हैं, महंत हैं लेकिन झूठ के अलावा कभी सच नहीं बोलते।
70 सालों की मेहनत बीजेपी ने 7 साल में गंवाई- प्रियंका गांधी
प्रियंका ने कहा कि कोरोना काल में कई लोगों की नौकरियां खत्म हो गई, लेकिन सरकार ने कोई कदम नहीं उठाए. तीन युवा हर रोज बेरोजगारी के कारण आत्महत्या कर रहे हैं. जिनका रोजगार छीना है, उनको कोई सरकारी मदद नहीं दी गई, लेकिन कांग्रेस की सरकार आने पर ऐसे परिवारों को 25000 रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी। प्रियंका ने आगे कहा कि केंद्र सरकार ने सारी संपत्तियां बेच डाली है। कांग्रेस ने रेल, हवाई अड्डा सब कुछ बना कर दिया। 70 सालों की मेहनत भाजपा ने 7 सालों में गंवा दी है। कांग्रेस ने जो चीनी मिलें लगवाई थी, उनको सपा, बसपा और भाजपा सरकारों ने बंद करवाई हैं।
अमित शाह पर भी किया वार
प्रियंका ने कहा, “अमित शाह जी कहते हैं कि अब यूपी में अपराधियों को ढूंढ़ना पड़ता है तो दूरबीन की जरुरत होती है, लेकिन उनके साथ मंच पर अजय मिश्रा टेनी बैठे थे। मैं कहती हूं कि दूरबीन छोड़िये और चश्मा लगाइये। मैं आपके लिए लडूंगी, कांग्रेस आपके लिए लड़ेगी। मैं आपको वो शक्ति देना चाहती हूं। 40 फीसदी महिलाएं जब राजनीति में आएंगी तो वो राजनीति को बदल देंगी. जबसे योगी जी मुख्यमंत्री बने हैं, आपकी समस्याओं को नहीं सुनते. हवाई जहाज में चढ़ कर चले जाते हैं।”
महंगाई को लेकर बोला हमला
प्रियंका ने कहा कि हवाई चप्पल वालों को हवाई जहाज में बिठाने का सपना दिखाया गया था, लेकिन पेट्रोल डीजल की बढ़ती कीमतों ने मोटरसाइकिल से उतार कर पैदल चलने पर मजबूर कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।