उत्तर प्रदेश पुलिस ने नोएडा जिले के गौतमबुद्ध नगर से सोशल मीडिया पर महिलाओं से दोस्ती कर उन्हें कीमती उपहार भेजने के नाम पर ऑनलाइन ठगी करने के आरोप में चार नाइजीरियाई युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 12 मोबाइल फोन, लैपटॉप, तथा साढे तीन लाख रुपए नकद बरामद किए हैं।
महिला की शिकायत के बाद हुई कार्रवाई
पुलिस उपायुक्त (जोन प्रथम) राजेश एस. ने बताया कि, नोएडा के सेक्टर-28 में रहने वाले सेना के एक अधिकारी की पत्नी ने शिकायत में कहा है कि, एक व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर उनसे दोस्ती की और खुद को विदेशी बताया। शिकायत के अनुसार, आरोपी ने पीड़िता को कीमती उपहार भेजने और उसके कस्टम (सीमा शुल्क विभाग) में फंसे होने की बात कह कर लाखों रुपये ठग लिए।अधिकारी ने बताया कि, मामले की जांच कर रही थाना सेक्टर 20 पुलिस ने सोमवार को प्राप्त सूचना के आधार पर नाइजीरियाई मूल के चार लोगों को गिरफ्तार किया है जिनकी पहचान ब्राहिम लिंकन, सल्वेस्टर, मस्तीन तथा जस्टिन के रूप में हुई है।
आरोपी खुद को अमेरिकी, ब्रिटिश बताकर करते थे दोस्ती
अधिकारी ने बताया कि, पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला है कि आरोपी खुद को अमेरिकी, ब्रिटिश आदि बताकर भारतीयों से सोशल मीडिया पर दोस्ती करते थे और फिर महंगे उपहार देने के नाम पर उनके साथ ठगी करते थे। इस मामले में पुलिस सभी आरोपियों को न्यायलय के समक्ष पेश करके आगे की कार्रवाई कर रही है।


















