गठबंधन के उम्मीदवार पर मेनका गांधी ने लगाया मतदाताओं को धमकाने का आरोप - Punjab Kesari
Girl in a jacket

गठबंधन के उम्मीदवार पर मेनका गांधी ने लगाया मतदाताओं को धमकाने का आरोप

सुल्तानपुर के एक बूथ पर गठबंधन उम्मीदवार सोनू सिंह और मेनका गांधी के बीच बहस हो गई। बूथ

केंद्रीय मंत्री व भाजपा प्रत्याशी मेनका गांधी ने रविवार को सपा-बसपा गठबंधन के उम्मीदवार चन्द्रभद्र सिंह उर्फ सोनू सिंह पर मतदाताओं को धमकाने का आरोप लगाया है। इस दौरान सुल्तानपुर में बीच सड़क पर दोनों प्रत्याशियों के बीच तीखी बहस भी हो गई। सुल्तानपुर के एक बूथ पर गठबंधन उम्मीदवार सोनू सिंह और केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी के बीच बहस हो गई। बूथ पर पहुंची मेनका ने सोनू सिंह से कहा कि यहां दबंगई नहीं चलेगी।

इसके बाद वहां मौजूद सोनू सिंह ने अपने समर्थकों को पीछे जाने को कहा। मेनका गांधी मतदान के दौरान आज पोलिंग बूथ पर जाकर जायजा ले रही हैं, इस दौरान रास्ते में उनकी गठबंधन प्रत्याशी से बहस भी हुई। मेनका और सोनू सिंह की गाड़ी जब आमने-सामने आई, तो दोनों प्रत्याशियों के बीच जमकर तू-तू-मैं-मैं हुई। मेनका गांधी ने आरोप लगाया कि सोनू सिंह के समर्थक वोटरों को डरा धमकाकर अपने पक्ष में वोट करवा रहे हैं।

Sonu Singh

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सोनू सिंह के साथी कई बूथों पर खड़े हैं और मतदाताओं पर दबाव बना रहे हैं। गठबंधन के उम्मीदवार सोनू सिंह ने आरोप को नकारते हुए कहा, ”हमारा कोई समर्थक किसी को नहीं डरा रहा है, अगर समर्थक की बात करेंगे तो पूरा गांव ही हमारा समर्थक है। उन्होंने कहा कि इस गांव में उनका कोई वोटर ही नहीं है, ऐसे में वह कैसे ये आरोप लगा सकती हैं।”

वोट डालने के बाद बोलीं प्रियंका गांधी- जा रही है भाजपा की सरकार

उधर भाजपा विधायक सूर्यभान सिंह ने भी सुरक्षा-व्यवस्था पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि बाहुबली चंद्रभद्र को देखते हुए सुरक्षा के इंतजाम नाकाफी हैं। सुरक्षा व्यवस्था और बढ़ाई जानी चाहिए। गौरतलब है कि मतदान से पहले ही सुल्तानपुर में आधी रात यहां मेनका गांधी के समर्थकों के साथ मारपीट की खबर है।

भाजपा समर्थकों ने आरोप लगाया है कि गठबंधन के प्रत्याशी चंद्रभद्र सिंह उर्फ सोनू सिंह के समर्थकों ने मेनका गांधी के प्रचार में लगे आधा दर्जन लोगों को मारा-पीटा। सुल्तानपुर के धनपत गंज के नंदगिरी में आधी रात को मेनका गांधी की टीम डोर-टू-डोर प्रचार में लगी थी। इसी दौरान उनके सदस्यों के साथ मारपीट की गई। इस घटना पर मेनका गांधी ने देर रात में एसपी से बात भी की थी।

सुल्तानपुर के पुलिस अधीक्षक अनुराग वत्स ने बताया कि रात में घटना की सूचना मिली है। भाजपा प्रत्याशी मेनका गांधी की टीम के लोगों को चोट आई है। इस दौरान कई गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचा है। मामले की जांच की जा रही है। उधर चंद्रभद्र के लोगों का आरोप है कि मेनका के लोग पैसा बांट रहे थे जिसका विरोध करने पर उनके साथ यह घटना हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।