यूपी के डिप्टी चीफ मिनिस्टर केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को कहा कि समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कभी भी सार्वजनिक मंच से भारत माता की जय का नारा नहीं लगाया।
नरेंद्र मोदी तीसरी बार देश के पीएम बनेंगे – मौर्य
यहां सर्किट हाउस में पत्रकारों से बात करते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने दावा किया कि 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस, सपा और बसपा कहीं नहीं मिलेंगी और भाजपा सहयोगी दलों के सहयोग से प्रदेश में सभी 80 सीटों पर जीतेंगी। उन्होंने बताया कि पूरा देश मोदीमय है। श्री नरेंद्र मोदी तीसरी बार देश के पीएम बनेंगे।
भाजपा में सबका साथ, सबका विकास की विचारधारा पर काम किया – केशव प्रसाद मौर्य
उन्होंने आगे कहा कि लोकसभा चुनाव से पहले ही विपक्ष हार गया है। उन्होंने श्री अखिलेश यादव के ‘भारत छोड़ो आंदोलन’ वाले बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने अपनी स्पष्ट नीतियों के कारण ही कई उपलब्धियां हासिल की हैं। भाजपा में सबका साथ, सबका विकास की विचारधारा पर काम किया जा रहा है।
केशव प्रसाद मौर्य ने एक बार फिर तंज कसते हुए कहा कि क्या अखिलेश भारत छोड़ो आंदोलन में झंडा लेकर गये थे। अखिलेश ने कभी भी मंच से भारत माता जय नहीं कहा। आज हर घर में तिरंगा लहरा रहा है, इसे किसी से छुपाने की जरूरत नहीं है।