अयोध्या के राम मंदिर में मंगलवार को राम दरबार सहित 8 मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा के लिए तीन दिवसीय अनुष्ठान शुरू हुआ। 101 विद्वान पंडितों द्वारा 1975 वैदिक मंत्रों का उच्चारण किया जा रहा है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने मूर्ति स्थापना की तस्वीरें जारी की हैं।
अयोध्या के भव्य राम मंदिर में मंगलवार सुबह 6:30 बजे से एक और ऐतिहासिक अध्याय की शुरुआत हुई। मंदिर के पहले तल पर राम दरबार और अन्य 7 देव मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा के लिए तीन दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान आरंभ हुआ। इस अनुष्ठान में कुल 101 विद्वान पंडित भाग ले रहे हैं जो 1975 वैदिक मंत्रों का उच्चारण करेंगे। रामरक्षा स्तोत्र, हनुमान चालीसा और अन्य भक्ति गीतों का भी पाठ किया जा रहा है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने राम दरबार के भीतर की दो विशेष तस्वीरें भी जारी की हैं, जिनमें कारीगर मूर्ति स्थापना के अंतिम कार्य में जुटे दिख रहे हैं।
पहले और दूसरे दिन के अनुष्ठान: पंचांग पूजन से लेकर यज्ञकुंड अग्नि स्थापन तक
तीन दिन के इस आयोजन की शुरुआत पहले दिन (4 जून) पंचांग पूजन, मंडप प्रवेश, यज्ञ मंडप पूजन, ग्रह योगों के निर्धारण और जलाधिवास अनुष्ठान से हुई। इसी दिन अग्निस्थापन, वन पूजन, कर्मकुटी स्थापना जैसे गूढ़ वैदिक अनुष्ठानों का भी आयोजन हुआ। दूसरे दिन (4 जून) सुबह फिर से विशेष पूजन शुरू हुआ जिसमें षोडश मात्रिका, सप्त मात्रिका, योगिनी, वास्तु और नवग्रह पूजन शामिल हैं। यज्ञकुंड में अग्नि स्थापन के लिए अरणि मंथन और पंच वारुणी हवन जैसे पुराने वैदिक अनुष्ठान संपन्न किए जाएंगे। इस दौरान मूर्तियों के संस्कार की विधि भी की जाएगी। खास बात यह है कि इन दिनों श्रद्धालुओं को दर्शन से नहीं रोका जाएगा।
तीसरे दिन होगा मुख्य समारोह, सीएम योगी आदित्यनाथ रहेंगे मुख्य अतिथि
तीसरे दिन यानी 5 जून को मुख्य प्राण प्रतिष्ठा समारोह आयोजित किया जाएगा जो न केवल अयोध्या बल्कि पूरे भारत के लिए एक ऐतिहासिक क्षण होगा। इस दिन राम दरबार के साथ-साथ अन्य 7 मंदिरों में भी देवताओं की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। इस समूहिक पूजन में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर 125 से अधिक यज्ञाचार्य व आचार्य भी भाग लेंगे। आयोजन को संक्षिप्त लेकिन गरिमामय रूप में रखा गया है।
Ram Mandir ने 5 सालोंं में भरा करोड़ों का टैक्स, सरकार को हुआ बड़ा फायदा
किन-किन देवताओं की हो रही प्राण प्रतिष्ठा, जानिए पूरा विवरण
राम मंदिर के पहले तल पर राम दरबार की स्थापना की गई है। मंदिर परिसर के परकोटे में छह अन्य मंदिरों में भगवान सूर्य, गणेश, हनुमान, शिव, माता भगवती और माता अन्नपूर्णा की मूर्तियाँ स्थापित की गई हैं। इन सभी में 5 जून को प्राण प्रतिष्ठा होगी। इसके अतिरिक्त, मंदिर परिसर में स्थित सप्त मंडपम में भी महर्षि वाल्मीकि, विश्वामित्र, वशिष्ठ, अगस्त्य, निषादराज, अहिल्या और शबरी की मूर्तियाँ पहले से स्थापित की जा चुकी हैं। यह आयोजन अयोध्या को न केवल धार्मिक दृष्टिकोण से बल्कि सांस्कृतिक रूप से भी एक नई पहचान देने जा रहा है।