उत्तर प्रदेश में कांग्रेस पुनरुत्थान की राह पर : राज बब्बर - Punjab Kesari
Girl in a jacket

उत्तर प्रदेश में कांग्रेस पुनरुत्थान की राह पर : राज बब्बर

राज बब्बर ने कहा, चुनाव में, जिसे जो अच्छा लगता है वह कहता है। हम ऐसे मुद्दे पर

कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष राज बब्बर ने कहा है कि पार्टी स्पष्ट रूप से पुनरुत्थान के मार्ग पर है। जमीन पर बदलाव महसूस हो रहा है और लंबे अरसे बाद कांग्रेस कार्यकर्ता इतने उत्साह में हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी उत्तर प्रदेश में वापसी की राह पर है।

फतेहपुर सीकरी से उम्मीदवार बब्बर ने फोन पर कहा, ”पांच वर्षों तक लोगों ने देखा कि कैसे भाजपा ने कांग्रेस नेतृत्व पर हमला किया और लोगों को मोदी सरकार की नीतियों के परिणामों से भी जूझना पड़ा। यह चुनाव बदलाव का चुनाव है और नतीजे इसे साबित करेंगे।”

राज बब्बर ने कहा कि कई वर्षो बाद उत्तर प्रदेश के कांग्रेस कार्यकर्ता चुनाव में सक्रियता से काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ”पार्टी कार्यकर्ताओं में निराशा का भाव चला गया है और वे देख सकते हैं कि कांग्रेस नए भविष्य की ओर बढ़ रही है।” बब्बर ने स्वीकार किया कि प्रियंका गांधी के सक्रिय राजनीति में प्रवेश से पार्टी को विशेषकर उत्तर प्रदेश में उम्मीद जगी है।

congress

उन्होंने बताया, ”हमारे पास राहुल गांधी और प्रियंका गांधी का युवा नेतृत्व है। हमारे पास सोनिया गांधी व मनमोहन सिंह सहित वरिष्ठ नेताओं का मार्गदर्शन व आशीर्वाद भी है और यह अनुभव व युवा का मिश्रण कांग्रेस के घोषण-पत्र में दिखाई देता है।”

शत्रुघ्न सिन्हा के पार्टी में शामिल होने पर प्रतिक्रिया देते हुए राज बब्बर ने कहा, ”हम इस बात से बहुत खुश हैं और आने वाले दिनों में कई नेता पार्टी का हिस्सा बनेंगे, जो कि संकेत है कि कांग्रेस फिर से लौट रही है।” कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने हालांकि रविवार को देवबंद रैली में समाजवादी पार्टी (सपा) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) द्वारा कांग्रेस पर किए हमले पर टिप्पणी से इनकार किया।

उन्होंने कहा, ”चुनाव में, जिसे जो अच्छा लगता है वह कहता है। हम ऐसे मुद्दे पर बेकार वक्त खर्च नहीं करना चाहते, बल्कि हम लोगों पर ध्यान केंद्रित करेंगे। हमारा गठबंधन जनता के साथ है और हम इसे और मजबूत बनाएंगे।” फतेहपुर सीकरी से बब्बर के खिलाफ उनके पूर्व सहायक राज कुमार चहर मैदान में हैं, जिन्हें भाजपा ने चुनाव मैदान में उतारा है। वहीं बसपा ने गुड्डू पंडित को टिकट दिया है। पंडित पहले बसपा से सपा और फिर भाजपा में शामिल हुए थे, लेकिन अब वह बसपा में हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।