कृष्ण जन्मभूमि-ईदगाह विवाद पर बड़ी खबर : मथुरा की सिविल कोर्ट में होगी सुनवाई, पुलिस हुई अलर्ट - Punjab Kesari
Girl in a jacket

कृष्ण जन्मभूमि-ईदगाह विवाद पर बड़ी खबर : मथुरा की सिविल कोर्ट में होगी सुनवाई, पुलिस हुई अलर्ट

उत्तर प्रदेश के मथुरा में कृष्णा जन्मभूमि-शाही ईदगाह विवाद में मथुरा कोर्ट ने याचिका को स्वीकार कर लिया

उत्तर प्रदेश के मथुरा में कृष्णा जन्मभूमि-शाही ईदगाह विवाद में मथुरा कोर्ट ने याचिका को स्वीकार कर लिया है और इस मामले की सुनवाई अब सिविल कोर्ट में की जाएगी। इस बीच विभिन्न अदालतों में दायर याचिकाओं के मद्देनजर यूपी पुलिस ने आठ जिलों में अपनी इकाइयों को हाई अलर्ट पर रहने का निर्देश दिया है। याचिकाकर्ताओं ने शहर में श्री कृष्ण मंदिर परिसर के पास स्थित मस्जिद में मुसलमानों की उपस्थिति पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है। अतिरिक्त महानिदेशक (आगरा जोन), राजीव कृष्ण ने संवाददाताओं से कहा कि, उन्होंने आगरा जोन के आठ जिलों, जिसमें मथुरा भी शामिल है, को न केवल विवादित स्थल पर बल्कि अन्य जगहों पर भी सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं, विशेष रूप से संवेदनशील स्थानों पर।
असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं : एडीजी
एडीजी ने कहा कि क्षेत्र के सभी आठ जिलों के पुलिस प्रमुखों को असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि, अगर कोई धर्म के नाम पर सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करता है तो उसके खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी। मथुरा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) गौरव ग्रोवर ने कहा कि, जिले में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और शांति बनाए रखने के सभी प्रयास किए जा रहे हैं।

1652945173 up police

ईदगाह में प्रार्थना करने की उठाई मांग
यह निर्देश तब आया जब अखिल भारत हिंदू महासभा के दिनेश शर्मा द्वारा बुधवार को सिविल जज (सीनियर डिवीजन) की अदालत में एक नई याचिका दायर की गई, जिसमें कहा गया था कि एक हिंदू होने के नाते, उन्हें ईदगाह में प्रार्थना करने का अधिकार है क्योंकि यह एक प्राचीन मंदिर था। एक समूह ने हिंदू पूजा के साक्ष्य को निर्धारित करने के लिए भव्य मस्जिद के सर्वेक्षण की मांग की है। दूसरों ने मुस्लिम उपासकों की पहुंच को रोकने की मांग की है। इस मामले में अब तक कुल 11 मामले दर्ज किए जा चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।