जिन्ना के बाद ISI पर पहुंची UP की सियासत, योगी के मंत्री बोले-सपा अध्यक्ष को ISI से मिल रहा है संरक्षण

अखिलेश के जिन्ना वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रदेश के संसदीय कार्य राज्य मंत्री आनंद स्वरूप शुक्ला

समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा “मोहम्मद अली जिन्ना” को लेकर दिए गए बयान से उत्तर प्रदेश की सियासत गरमा गई है। सपा अध्यक्ष के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रदेश के संसदीय कार्य राज्य मंत्री आनंद स्वरूप शुक्ला ने दावा किया है कि सपा अध्यक्ष को पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से संरक्षण मिल रहा है।
शुक्ला ने मंगलवार रात अपने आवास पर संवाददाताओं से बातचीत में अखिलेश द्वारा पिछले दिनों मोहम्मद अली जिन्ना को लेकर दिए गए कथित बयान के सिलसिले में पूछे गए सवाल पर कहा, ‘‘अखिलेश को पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से संरक्षण और सुझाव मिल रहे हैं। हो सकता है कि उन्हें इस संगठन से आर्थिक मदद भी मिल रही हो।’’

अखिलेश के जनसभा में जिन्ना को लेकर दिए गए बयान से यूपी की राजनीति गरमाई, BJP बोली- SP अध्यक्ष को मांगनी चाहिए माफी

शुक्ला ने दावा किया कि अखिलेश आईएसआई के इशारे पर ही जिन्ना का महिमामंडन कर रहे हैं। इससे पहले शुक्ला ने सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर पर भी आतंकवादी संगठनों से मदद लेने का आरोप लगाया था। राजभर की पार्टी का पिछली 27 अक्टूबर को सपा के साथ गठबंधन हुआ है। 
प्रदेश के संसदीय कार्य राज्य मंत्री ने आरोप लगाया कि पाकिस्तान और तालिबान जो चाहते हैं अखिलेश वही बयान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि आजाद भारत के पहले गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल से जिन्ना की तुलना करना निंदनीय है और अखिलेश को अपने बयान को लेकर माफी मांगनी चाहिए।
गौरतलब है कि गत रविवार को सरदार पटेल की 146वीं जयंती के अवसर पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने हरदोई में एक जनसभा में कथित तौर पर कहा था कि सरदार पटेल, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू और जिन्ना ने एक ही संस्थान से पढ़ाई की और बैरिस्टर बने तथा उन्होंने भारत को आजादी दिलाने में मदद की और संघर्ष से कभी पीछे नहीं हटे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।