अखिलेश यादव का BJP पर तंज, कहा- उसने न केवल नदियों को बल्कि राजनीति को भी प्रदूषित कर दिया है - Punjab Kesari
Girl in a jacket

अखिलेश यादव का BJP पर तंज, कहा- उसने न केवल नदियों को बल्कि राजनीति को भी प्रदूषित कर दिया है

अखिलेश यादव ने सत्तारूढ़ भाजपा पर राजनीति को प्रदूषित करने का आरोप लगाते हुए सोमवार को दावा किया

उत्तर प्रदेश में अगले कुछ महीनों में विधानसभा के चुनाव है। ऐसे में राजनीतिक दल एक-दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगाकर अपनी सियासत को चमकाने की पुरजोर कोशिश कर रहे है। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सत्तारूढ़ भाजपा पर राजनीति को प्रदूषित करने का आरोप लगाते हुए सोमवार को दावा किया कि उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव न सिर्फ राज्य बल्कि केन्द्र सरकार का भी भविष्य तय करेंगे। 
भाजपा के शासन में नागरिकों के अधिकार सुरक्षित नहीं हैं 
अखिलेश यादव ने यहां एक बयान में कहा, ‘‘भाजपा के शासन में नागरिकों के अधिकार सुरक्षित नहीं हैं। लोकतंत्र को खतरा है। भाजपा बार-बार झूठ बोलकर अपनी गलतबयानी को सच बनाना चाहती है। वह चालाकी से सराबोर है। उसने न केवल नदियों को बल्कि राजनीति को भी प्रदूषित कर दिया है।’’ 
विधानसभा के चुनावों से प्रदेश का ही नहीं केन्द्र सरकार का भविष्य भी तय होगा 
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री यादव ने कहा, ‘‘आगामी विधानसभा के चुनावों से प्रदेश का ही नहीं केन्द्र सरकार का भविष्य भी तय होगा। भाजपा का तथाकथित रथ जुगाड़ का है जबकि समाजवादी रथ से जनआकांक्षाएं जुड़ी हुई हैं। समाजवादी पार्टी की विजय रथ यात्रा के पहिए रूकने वाले नहीं है।’ 

दिल्ली: कोरोना एक बार फिर पकड़ रहा है जोर, संक्रमण के नए मामलों ने बढ़ाई चिंता

उन्होंने कहा कि भाजपा संस्कृत-संस्कृति का राग अलापती है, मगर उसने उसको क्षति पहुंचाई है। उन्होंने कहा कि संस्कृत भाषा को समाजवादी सरकार ने ही सम्मान दिया है। उन्होंने कहा कि वाराणसी के सम्पूर्णानंद संस्कृत महाविद्यालय को प्रदेश की पिछली सपा सरकार ने ही 50 करोड़ रुपये दिए थे। 
भाजपा को हार का भय सता रहा है 
उन्होंने दावा किया, ‘‘भाजपा को हार का भय सता रहा है। वह बौखलाहट में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं को परेशान कर रही है। हार के डर से बौखलाई भाजपा अब अपनी सरकारी संस्थाओं का दुरूपयोग करके विपक्ष को दबाने पर तुली है लेकिन इससे भाजपा के खिलाफ जनआक्रोश ज्यादा बढ़ा है। लोग अब लोकतंत्र और जनविरोधी सरकार को सत्ता में ज्यादा दिनों तक नहीं देखना चाहते।’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।