अखिलेश यादव ने कहा, सरकार बदलते ही बुलडोजर की दिशा बदल जायेगी - Punjab Kesari
Girl in a jacket

अखिलेश यादव ने कहा, सरकार बदलते ही बुलडोजर की दिशा बदल जायेगी

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि अगर उनकी पार्टी सरकार बनी तो वे काम करने का तरीका बदल देंगे। उन्होंने ये बात फ़तेहपुर में अपनी पार्टी के सदस्यों से बात करते हुए कही। इस दौरान उन्होंने कहा कि बुलडोजर वाली भाजपा सरकार सबसे बड़ी भूमाफिया भाजपा सरकार है। अयोध्या में भाजपा नेताओं ने सबसे ज्यादा जमीन पर कब्जा किया है। पिछड़े, दलितों, अल्पसंख्यकों पर अन्याय, अत्याचार कर रही है। लेकिन, याद रखें बुलडोजर का दिमाग नहीं होता है। सरकार बदलेगी तो बुलडोजर की दिशा बदल जाएगी।
अब घर-घर झंडा लगाने का काम करते हैं
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश को बर्बाद कर दिया है। बिजली, स्वास्थ्य, पुलिस सब में भारी भ्रष्टाचार है। भाजपा की विचारधारा के लोगों और उनके मातृ संगठन ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के नेतृत्व में हुए भारत छोड़ो आंदोलन का विरोध किया था। उसी को छिपाने के लिए अब घर-घर झंडा लगाने का काम करते हैं। भाजपा के लोगों ने अंग्रेजो के खिलाफ भारत छोड़ो आंदोलन में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, क्रांतिकारियों और समाजवादियों का साथ नहीं दिया था।
नए तरीके का भारत छोड़ो आंदोलन चला रही है
उन्होंने कहा कि केंद्र की सरकार में आने के बाद भाजपा नए तरीके का भारत छोड़ो आंदोलन चला रही है। भाजपा के तमाम करीबी उद्योगपति बैंकों से पैसा लेकर भारत छोड़ गए। बेंगलुरु के उद्योगपति से लेकर गुजरात के कारोबारियों तक की लम्बी सूची है। जनता यह सब जानती है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने डीजल, पेट्रोल, रसोई गैस के दाम बहुत बढ़ा दिए हैं। महंगाई आसमान पर है। भाजपा गरीबों की जेब काटकर अमीरों की जेब भर रही है।
विकास कार्यों में भारी भ्रष्टाचार हुआ है
सपा मुखिया ने कहा कि भाजपा सरकार के विकास कार्यों में भारी भ्रष्टाचार हुआ है। सड़कों में गड्ढे भरे पड़े है। केवल 100 रुपये का राशन देकर गरीबों को धोखा दे रही है। किसानों की आय दुगनी नहीं हुई। खेती का लागत मूल्य दुगना हो गया।
अखिलेश यादव ने कहा कि बिजली नहीं आती है लेकिन सरकार भारी भरकम बिजली का बिल भेज देती है। बड़े पैमाने पर लूट और भ्रष्टाचार है। स्वास्थ्य सेवायें खराब हो चुकी है। गरीबों को दवा, इलाज नहीं मिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

twenty − 1 =

Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।