समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि लोकसभा चुनाव में करारी हार के डर से सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के इशारे पर छठे चरण में भी धांधली की गयी। श्री यादव ने रविवार को कहा कि सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, फूलपुर, इलाहाबाद, अंबेडकरनगर, श्रावस्ती, डुमरियागंज, बस्ती, संतकबीरनगर, लालगंज, आजमगढ़, जौनपुर, मछलीशहर तथा भदोही में मतदान के दौरान भाजपा के इशारे पर मशीन खराब होने की बात कहकर कई जगह सपा के वोटरों को भगाया गया।
कई जगह फर्जी मतदान की शिकायतें मिली हैं। पहले चरण से लेकर छठे चरण तक ईवीएम मशीनें मतदाताओं को धोखा देती रही। मतदाता घंटो धूप में अपनी बारी का इंतजार करते रहे।
निर्वाचन आयोग जनता के मताधिकार की सुरक्षा करने में विफल साबित हुआ है। कई मतदान केंद्रो पर पीठासीन अधिकारियों का बर्ताव भी आपत्तिजनक रहा है। उन्होने कहा कि भाजपा और कांग्रेस को अपनी जमीन खिसकती दिखाई दी तो सपा-बसपा गठबन्धन के खिलाफ अफवाहें फैलाने में लगे है। सपा-बसपा का गठबन्धन मजबूत है। हम एक साथ मिलकर लड़ रहे हैं। सच तो यह है कि भाजपा-कांग्रेस दोनों गठबन्धन के सामने कहीं नहीं टिक पा रहे हैं।