जन्मदिन पर युवाओं से बोले मुलायम-'देश में जो परिवर्तन की राजनीति चल रही है, उसे कामयाब बनाएं' - Punjab Kesari
Girl in a jacket

जन्मदिन पर युवाओं से बोले मुलायम-‘देश में जो परिवर्तन की राजनीति चल रही है, उसे कामयाब बनाएं’

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व रक्षा मंत्री मुलायम सिंह यादव आज अपना 82वां जन्मदिन मना रहे

समाजवादी पार्टी (सपा) के संस्थापक, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व रक्षा मंत्री मुलायम सिंह यादव आज अपना 82वां जन्मदिन मना रहे हैं। सपा मुख्यालय में उनका जन्मदिन बेहद सादगी के साथ मनाया गया। इस मौके उन्होंने युवाओं से कहा कि देश में ‘‘परिवर्तन की जो राजनीति’’ चल रही है उसे कामयाब बनाएं।
जन्मदिन समारोह को संबोधित करते हुए मुलायम सिंह यादव ने उपस्थित लोगों का स्वागत किया और कहा, ”हमारे युवा उत्साह से भरे हैं, हमारे सारे नौजवानों में कितना जोश है, देश में परिवर्तन की जो राजनीति चल रही है उसे कामयाब बनाएं। मुझे उम्मीद है कि इसे सफल बनाएंगे।”

किसान महापंचायत : MSP कानून पर अड़े किसान, टिकैत बोले-मृत किसानों को मिले शहीद का दर्जा

सपा संस्थापक ने कहा, ”आपको धन्यवाद देते हैं कि मेरे इस जन्मदिन के अवसर पर आप उपस्थित हुए हैं, हम ये चाहते हैं कि आज हमारा जन्मदिन मनाया जा रहा है लेकिन हमें सबसे खुशी तब होगी जब हमारे गरीब से गरीब व्यक्ति का जन्मदिन मनाया जाए, आपका जन्मदिन मनाया जाए। आप हमें बुलाइए, हम आपके जन्मदिन पर आएंगे।” 
उन्होंने कहा, ”आपने हमारा जन्मदिन मनाया है, स्‍वागत किया है उसके लिए आभारी रहूंगा। आपको विश्वास दिलाता हूं कि जो आशा हमसे करते हो, वह आशा पूरी करके रहूंगा।” सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुलायम सिंह यादव को जन्मदिन की बधाई दी और उनसे आशीर्वाद मांगा।
इस मौके पर मुलायम सिंह यादव के साथ उनके बेटे और सपा प्रमुख अखिलेश यादव और अन्य नेताओं ने 83 किलोग्राम का केक काटा और नेताजी (मुलायम सिंह यादव) को बधाई दी। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने अगले वर्ष की शुरुआत में राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए ‘‘‘बाइस में बदलाव’’ का नारा दिया और वह राज्‍य में समाजवादी विजय यात्रा निकाल रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।