नामीबिया से कुनो नेशनल पार्क पहुंचते ही भारत में एक बाद फिर चीतों की मौजूदगी दर्ज हो गई है। मध्य प्रदेश के कुनो नेशनल पार्क में आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आठ चीतों को छोड़ दिया है। ऐसे में अगर आप जानवर प्रेमी हैं और आपके मन में इन मेहमानों को देखने की उत्सुकता रही है तो आपको बता दें कि आप इन जानवरों को अभी नहीं देख पाएंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चीतों को पिंजरे से आज़ाद करते हुए कहा कि कुनो नेशनल पार्क में इन चीतों को देखने के लिए लोगों को धैर्य दिखाना होगा और कुछ महीनों तक इंतजार करना होगा। आज ये चीते मेहमान बनकर आए हैं। इनको कुनो नेशनल पार्क में अपना घर बनाने में सक्षम होने के लिए हमें इन चीतों को कुछ महीने का समय देना होगा। और जब वह यहां बस जायेंगे तब लोग इन्हे देखने आ सकेंगे।
भारत में चीता रिटर्न्स…, PM मोदी ने कुनो नेशनल पार्क में छोड़े 8 नए मेहमान
भारत में अंतिम तीन चीते
आपको बता दें, साल 1952 में भारत की सरकार ने चीतों को विलुप्त घोषित कर दिया था। वहीं, आज 72 साल बाद चीतों की एक बार फिर भारत में वापसी से जानवर प्रेमी काफी उत्साहित हैं। 1947 में मध्य प्रदेश के महाराजा रामानुज प्रताप सिंह देव ने दर्ज अंतिम तीन चीतों को मार डाला था। जिसके बाद इस जानवर को भारत में विलुप्त घोषित किया गया।
क्या आपको पता है चीते और तेंदुए में फर्क?
अगर आप जानवर प्रेमी हो तो आपके लिए चीते और तेंदुए फर्क करना कुछ मुश्किल नहीं होगा लेकिन, आम लोगों के लिए ये आसान काम नहीं। वैसे देखने में तो तेंदुआ और चीता एक समान लगते है। बनावट भी कई हद तक एक जैसी होती है। पर आकार में थोड़ा फर्क होता है।
चीता
चीते के शरीर पर काले धब्बे गोल डॉट्स की तरह होते हैं। चेहरे पर आंसू जैसी लंबी काली लाइन होती है। जो इसकी मुख्य पहचान होती है। ये जानवर अफ्रीका और दक्षिण-पश्चिम एशिया में पाया जाता है। एक स्वस्थ चीता 120 किमी/घंटा की रफ्तार से दौड़ सकता है। यह घास के हरे मैदानों में रहना पसंद करता है। पेड़ों पर चीते कम चढ़ते हैं।
तेंदुआ
तेंदुआ भारत के कई हिस्सों में आसानी से पाया जाने वाला जानवर है। कई बार इसको आबादी वाले क्षेत्रों में भी देखा गया है। देश में तेंदुओं की आबादी 12852 है। इनमें से मध्य प्रदेश में 3421, कर्नाटक में 1783 और महाराष्ट्र में 1690 तेंदुए हैं। इनके शरीर पर धब्बे फूल की पंखुडियों के समान होते हैं। तेंदुआ पेड़ों में अधिक समय व्यतीत करता है। नर तेंदुए का वजन 60 से 70 किलोग्राम और मादा का वजन 30 से 40 किलोग्राम होता है।