उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और भाजपा नेता योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान शुरू किया और दावा किया कि कांग्रेस को भंग करने के महात्मा गांधी के सपने को साकार करने का समय आ गया है।
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के गृह नगर पोरबंदर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए योगी ने आरोप लगाया कि अगर कांग्रेस सत्ता में होती तो कोरोना वायरस महामारी के दौरान इलाज और टीके के लिए आवंटित धन को ही हड़प लेती।
भाजपा के स्टार प्रचारकों में शुमार योगी आदित्यनाथ ने पार्टी उम्मीदवार बाबूभाई बोखिरिया के पक्ष में प्रचार के दौरान कहा, ‘‘ कांग्रेस के विपरीत भाजपा हमेशा अपने वादे पूरे करती है। संकट के समय कांग्रेस कभी भी जनता के साथ नहीं खड़ी होती है। यही कारण है कि बापू (महात्मा गांधी) ने सुझाव दिया था कि भारत को स्वतंत्रता मिलने के बाद पार्टी को भंग कर देना चाहिए।’’
उन्होंने कहा, ‘‘बापू के सपने को साकार करने का समय आ गया है।’’