इंदौर : मध्यप्रदेश में लगातार चौथी बार सरकार बनाने की चुनौती का सामना कर रही सत्तारूढ़ भाजपा ने आसन्न विधानसभा चुनावों के लिये अपने जन सम्पर्क अभियान का शनिवार से आगाज किया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने इंदौर से इस मुहिम की औपचारिक शुरूआत की। मध्यप्रदेश में भाजपा के महा जन सम्पर्क अभियान की शुरूआत के दौरान शाह ने सूबे की वाणिज्यिक राजधानी के राजबाड़ा इलाके में आम लोगों से भाजपा के लिये चुनावी समर्थन मांगा।
उन्होंने यहां पूर्व होलकर राजवंश के ऐतिहासिक राजबाड़ा महल के सामने अहिल्या बाई होलकर की प्रतिमा को माला पहनाकर भाजपा की चुनावी मुहिम की शुरूआत की। इसके बाद उन्होंने पास ही स्थित प्राचीन महालक्ष्मी मंदिर में पूजा-अर्चना की। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने राजबाड़ा महल के पास घने व्यापारिक इलाके में लोगों से अपील की कि वे आगामी विधानसभा चुनावों में उनकी पार्टी को वोट दें। शाह ने भाजपा के जन सम्पर्क अभियान की शुरूआत राजबाड़ा इलाके में पान की एक मशहूर दुकान से की। पान वाले ने भाजपा अध्यक्ष को पान का मीठा बीड़ा पेश किया और उनका स्वागत किया। भाजपा अध्यक्ष अपने वाहन के दरवाजे पर खड़े हुए और हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन किया।
शाह की अगुवाई में यह चुनावी जुलूस राजबाड़ा महल से कृष्णपुरा छत्री तक करीब आधे किलोमीटर के रास्ते पर निकाला गया। इस दौरान लोकसभा अध्यक्ष और स्थानीय सांसद सुमित्रा महाजन, राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष राकेश सिंह भी शाह के साथ थे। शाह ने मालवा-निमाड़ अंचल के सबसे बड़े शहर इंदौर से भाजपा की चुनावी मुहिम की शुरूआत की। पश्चिमी मध्यप्रदेश के इस हिस्से को भाजपा का गढ़ माना जाता है। लेकिन सियासत के जानकारों का कहना है कि अलग-अलग समीकरणों से बदले हालात में भाजपा के सामने आगामी विधानसभा चुनावों में इस क्षेत्र में अपना वर्चस्व बचाने की चुनौती है।
अमित शाह ने कांग्रेस पर बोला जमकर हमला
अमित शाह ने आज कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि उसने आजादी के बाद सत्ता मिलने पर 50 साल में देश का बंटाढार करके रख दिया है। श्री शाह मध्यप्रदेश के आदिवासी बहुल झाबुआ के शहीद चन्द्रशेखर आजाद स्नातकोत्तर महाविद्यालय खेल मैदान पर जनजातीय सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कभी आदिवासियों की सुध नहीं ली है। केंद, में जब श्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में सरकार बनी तो देश में पहली बार आदिवासी कल्याण मंत्रालय प्रारंभ कर उनके विकास की चिंता की गई। उन्होंने कहा कि भाजपा आदिवासियों की हितैषी पार्टी है, जबकि कांग्रेस अपने मतलब और स्वार्थ के लिए लोगों का उपयोग करती है।
उन्होंने मध्यप्रदेश में चौथी बार भाजपा की सरकार बनाने की अपील की और कहा कि केंद, में श्री नरेन्द मोदी की अगुआई में भाजपा की सरकार अच्छा काम कर रही है और देश तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। श्री शाह ने आदिवासी योद्वाओं बिरसा मुंडा, टंट्या भील, रानी दुर्गावती के देश की रक्षा में योगदान को याद किया। प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस के राज में मध्यप्रदेश की हालत खस्ता थी। पानी, बिजली, सड़क सभी की समस्या थी, लेकिन अब प्रदेश तेजी से विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने स्वागत भाषण दिया। झाबुआ पहुंचने पर श्री शाह और श्री चौहान का पारम्परिक रूप से स्वागत किया गया और उन्हें आदिवासी झूलड़ पहनाकर तीर-कमान भेंट किए गए।