RPN सिंह के भाजपा में शामिल होने पर शशि थरूर का कटाक्ष, बोले- छोड़कर जा रहे हैं घर अपना, उधर भी सब अपने हैं - Punjab Kesari
Girl in a jacket

RPN सिंह के भाजपा में शामिल होने पर शशि थरूर का कटाक्ष, बोले- छोड़कर जा रहे हैं घर अपना, उधर भी सब अपने हैं

आरपीएन सिंह के विरोधी पार्टी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने पर पूर्व केंद्रीय मंत्री शशि थरूर

देश की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी कांग्रेस को उस समय जोरदार सियासी झटका लगा, जब पार्टी के दिग्गज नेता आरपीएन सिंह ने कांग्रेस छोड़ने का ऐलान किया। अगले कुछ दिनों में उत्तर प्रदेश में विधानसभा के चुनाव है, ऐसे में यह झटका कांग्रेस के लिए काफी नुकसान पहुंचाने वाला साबित हो सकता है।  
शशि थरूर ने कविता के अंदाज में ट्वीट कर तीखा तंज कसा 

आरपीएन सिंह के विरोधी पार्टी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने पर पूर्व केंद्रीय मंत्री शशि थरूर ने तंज कसा है। कांग्रेस नेता ने अपने ही अंदाज में चुटकी लेते हुए पालाबदल को लेकर कहा कि अब उधर भी सब अपने हैं। यही नहीं उन्होंने इसे कांग्रेस युक्त भाजपा बताते हुए कविता के अंदाज में ट्वीट किया, ‘छोड़कर जा रहे हैं घर अपना, शायद उनके कुछ और सपने हैं। अब उधर भी सब अपना सा है, अब उधर भी तो सभी अपने हैं। (कांग्रेस युक्त भाजपा!)।’ आरपीएन सिंह के पालाबदल को लेकर कांग्रेस के किसी नेता की ओर से आई यह अब तक की सबसे रोचक प्रतिक्रिया है। 
आरपीएन सिंह ने मंगलवार को ही कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को पत्र लिखकर पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद कुछ ही देर में वह भाजपा में शामिल हो गए थे। कांग्रेस छोड़ने को लेकर आरपीएन सिंह ने कहा कि मुझे कई सालों से लोग कह रहे थे कि मुझे भाजपा में जाना चाहिए, लेकिन मैं देर से आया, लेकिन दुरुस्त आया। 
इसके साथ ही कांग्रेस पर वार करते हुए आरपीएन सिंह ने कहा कि अब वह पार्टी बदल गई है और पहले जैसी नहीं रह गई है। यूपी के पडरौना से आने वाले आरपीएन सिंह का पूर्वांचल के कुछ जिलों में प्रभाव माना जाता है और भाजपा इसे राज्य में अपनी सफलता के तौर पर देख रही है। 
आरपीएन के कांग्रेस छोड़ने पर पार्टी नेताओं ने की तल्ख टिप्पनियां 
आरपीएन सिंह के कांग्रेस छोड़ने पर पार्टी की ओर से तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली थी। कांग्रेस की प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने आरपीएन सिंह पर हमला बोलते हुए उन्हें कायर बता दिया था। श्रीनेत ने कहा था कि कांग्रेस की लड़ाई विचारधारा की है और इस लड़ाई को कोई कायर नहीं लड़ सकता। इससे पहले यूपी के ही कई दिग्गज कांग्रेसी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हो चुके हैं। इन नेताओं में रीता बहुगुणा जोशी, जितिन प्रसाद, जगदंबिका पाल जैसे नेता शामिल हैं। इसके अलावा हाल ही में सहारनपुर के विधायक इमरान मसूद भी सपा में शामिल हो चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।