भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने लोकसभा चुनाव को लेकर अपनी टीम की घोषणा कर दी है। भाजपा के केंद्रीय पदाधिकारियों की सूची में नए और पुराने चेहरों का समन्वय बैठाया गया है। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह और राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया।
अरुण सिंह को फिर मौका मिला
उत्तर प्रदेश से दो सांसद रेखा वर्मा, लक्ष्मीकांत बाजपेई और विधान परिषद सदस्य तारिक मंसूर को केंद्रीय उपाध्यक्षों की सूची में शामिल किया गया है। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास को भी केंद्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। संजय बंदी और सुनील बंसल को राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है. संजय बंदी को केंद्रीय टीम में शामिल कर पार्टी ने तेलंगाना को एक संदेश दिया है।कैलाशविजयवर्गीय, तरूण चुघ, विनोद तावड़े, अरुण सिंह को फिर मौका मिला है। सभी को दोबारा महासचिव बनाया गया है।
उत्तर प्रदेश की राजनीति में बड़ा संदेश
कांग्रेस के दिग्गज नेता एके एंटनी के बेटे अरुण एंटनी को राष्ट्रीय सचिव बनाया गया है। एंटनी कुछ समय पहले ही पार्टी में शामिल हुए थे। केंद्रीय टीम में गोरखपुर के पूर्व विधायक राधा मोहन अग्रवाल को एंट्री देकर उत्तर प्रदेश की राजनीति में बड़ा संदेश दिया गया है। 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्हें टिकट नहीं दिया गया था, लेकिन अब उन्हें राष्ट्रीय टीम में जगह दी गई है।
सीटी रवि और दिलीप सैकिया को महामंत्री पद से हटाया
आंध्र प्रदेश प्रभारी सुनील देवधर को राष्ट्रीय टीम से बाहर कर दिया गया है। सीटी रवि और दिलीप सैकिया को भी महामंत्री पद से हटा दिया गया है। मध्य प्रदेश के सांसद और पूर्व सह कोषाध्यक्ष को भी हटाया गया है। उनकी जगह नरेश बंसल को सह कोषाध्यक्ष बनाने का फैसला लिया गया है।