संकटग्रस्त यूक्रेन से लौटने वाले अपने-अपने नागरिकों की यात्रा का खर्चा उठाएंगी राजस्थान और बिहार सरकार - Punjab Kesari
Girl in a jacket

संकटग्रस्त यूक्रेन से लौटने वाले अपने-अपने नागरिकों की यात्रा का खर्चा उठाएंगी राजस्थान और बिहार सरकार

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शनिवार को कहा कि संकटग्रस्त यूक्रेन से देश लौटने वाले राज्य के

यूक्रेन और रूस के बीच कई दिनों तनातनी के बाद आखिरकार युद्ध शुरू हो गया है। ऐसे में भारत अपने नागरिकों को वहां से निकालने की पुरजोर कोशिश कर रहा है। इसी बीच राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शनिवार को कहा कि संकटग्रस्त यूक्रेन से देश लौटने वाले राज्य के नागरिकों के हवाई टिकट का खर्च राज्य सरकार उठाएगी। सरकार इस राशि का पुनर्भरण (रिंबरसमेंट) करेगी। 
गहलोत ने ट्वीट कर कहा- राजस्थान के लोगों के टिकट की राशि का वहन किया जाएगा 
गहलोत ने ट्वीट किया कि यूक्रेन और रूस के बीच युद्ध के दौरान विदेश मंत्रालय के परामर्श के बाद निजी खर्च से वतन वापस आने वाले राजस्थान के लोगों के टिकट की राशि का पुनर्भरण किया जाएगा। यूक्रेन में ताजा संकट के बाद राजस्थान के लगभग 40 विद्यार्थी वापस आए हैं। 

इसके साथ ही बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि उनकी सरकार युद्धग्रस्त यूक्रेन से निकालकर भारत लाए जाने वाले राज्य के लोगों की यात्रा का खर्च उठाएगी। इन लोगों के शनिवार को भारत पहुंचने की उम्मीद है। नीतीश ने शुक्रवार देर रात को इस संबंध में घोषणा की। उन्होंने यूक्रेन में फंसे भारतीयों को वापस लाने के लिए विशेष उड़ानों की व्यवस्था करने पर केंद्र का आभार जताया। 
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें मालूम चला है कि ऐसी प्रत्येक उड़ान दिल्ली और मुंबई पहुंचेगी तथा राज्य सरकार बिहार के लोगों की यात्रा का खर्च वहन करेगी। राज्य के विभिन्न हिस्सों से खबरें आ रही हैं कि माता-पिता यूक्रेन से अपने बच्चों की वापसी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। पूर्वी चंपारण जिले में केसरिया की निवासी सुमित्रा कुमारी यादव ने कहा, ‘‘मेरे दो बच्चे यूक्रेन के अलग-अलग शहरों में चिकित्सा की पढ़ाई कर रहे हैं। अभी तक दोनों सुरक्षित हैं लेकिन स्थिति गंभीर है।’’ 
स्थानीय सरकार की सलाह पर वह बंकरों में रहने चला गया है 
यादव कांग्रेस की स्थानीय नेता भी हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मेरा बेटा खारकीव में तृतीय वर्ष का छात्र है। स्थानीय सरकार की सलाह पर वह बंकरों में रहने चला गया है। लेकिन चौथे वर्ष की छात्रा मेरी बेटी ओदेसा में अपने हॉस्टल में रह रही है। उसने मुझे बताया कि उसके कॉलेज की सभी भारतीय छात्राओं ने यह फैसला लिया है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मेरे बेटे ने बताया कि उसके कॉलेज पर बम गिराया गया। मेरे बेटी ने कहा कि महिला होने के कारण बंकरों में रहना उसके लिए ज्यादा असुरक्षित है। मैं उम्मीद करती हूं कि उन्हें जल्द से जल्द वापस लाया जाएगा।’’ 
यात्रा कठिन है लेकिन एक बड़ी राहत है 
पूर्वी चंपारण के चकिया इलाके में आभूषण का कारोबार करने वाले अशोक कुमार की भी यही स्थिति है। उन्होंने कहा, ‘‘मेरा बेटा कुंज बिहारी लीव में फंस गया है। मुझे पता चला है कि वह लौट रहा है। यात्रा कठिन है लेकिन एक बड़ी राहत है।’’ नीतीश ने यह भी बताया कि उनके बेटे को भारत सरकार द्वारा भेजे एक विशेष विमान से वारसॉ से लाया जाएगा। उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन उसके तथा अन्य छात्रों के लिए सबसे बड़ी चुनौती यूक्रेन से बाहर निकलना होगी। पोलैंड की सीमा कई किलोमीटर दूर है और उन्हें पैदल यह दूरी तय करनी होगी। मैं उम्मीद करता हूं कि सब ठीक रहे।’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।