PM मोदी ने नीरज चोपड़ा से की फोन पर बात, कहा- जो उपलब्धि हासिल की है उसे देश सदैव याद रखेगा - Punjab Kesari
Girl in a jacket

PM मोदी ने नीरज चोपड़ा से की फोन पर बात, कहा- जो उपलब्धि हासिल की है उसे देश सदैव याद रखेगा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को भालाफेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा द्वारा ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने के लिए

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को भालाफेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा द्वारा ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने के लिए दिखाए गए ‘‘ उल्लेखनीय जोश ओर बेजोड़ साहस’ ’ की प्रशंसा की और जोर देकर कहा कि उन्होंने जो आज उपलब्धि हासिल की है उसे सदैव याद किया जाएगा।
तोक्यो ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने के बाद मोदी ने फोन पर चोपड़ा से बात की और उन्हें बधाई दी। 23 वर्षीय एथलीट की प्रशंसा करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने खेल प्रतिभा और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया है। उल्लेखनीय है कि चोपड़ा शनिवार को दूसरे भारतीय बने जिन्होंने ओलंपिक में व्यक्तिगत प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक प्राप्त किया है।
उन्होंने देश को फास्ट ट्रैक ऐंड फील्ड खेलों में भारत को पहला स्वर्ण पदक दिलाने के लिए शानदार प्रदर्शन किया। मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘ तोक्यो में इतिहास रचा गया है। नीरज चोपड़ा ने जो उपलब्धि आज प्राप्त की है वह सदैव याद की जाएगी। युवा नीरज ने बेहतरीन प्रदर्शन किया।’’
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘वह (चोपड़ा) उल्लेखनीय जोश के साथ खेले और बेजोड़ साहस दिखाया। स्वर्ण पदक जीतने के लिए उन्हें बधाई।’’ एक अन्य ट्वीट में मोदी ने कहा कि उन्होंने चोपड़ा से बात की और उन्हें स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई दी एवं ‘‘उनकी मेहनत और दृढ़ता’’ की सराहना की जिसका प्रदर्शन उन्होंने तोक्यो ओलंपिक-2020’ में किया है।
मोदी ने कहा, ‘‘उन्होंने (चोपड़ा ने) खेल प्रतिभा और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया है।उनके भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं।’’ हरियाणा स्थित पानीपत जिले के खांदर गांव के रहने वाले चोपड़ा ने दूसरी कोशिश में 87.58 मीटर दूर भाला फेंककर यह उपलब्धि हासिल की।
भारत ने तोक्यो ओलंपिक में अबतक सात पदक जीते हैं जिनमें चोपड़ा एकमात्र स्वर्ण पदक विजेता हैं। इसके साथ ही वह व्यक्तिगत प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने वाले अभिनव ब्रिंदा (वर्ष 2008 बीजिंग ओलंपिक) के क्लब में शामिल हो गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।