मध्यप्रदेश के विधानसभा चुनाव के दौरान शुक्रवार का दिन पूरी तरह राजनीति के रंग में रंगा रहने वाला है, क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की रैलियां होंगी। प्रधानमंत्री मोदी 16 नवंबर से मध्यप्रदेश में भाजपा उम्मीदवारों के पक्ष में चुनाव प्रचार करेंगे।
जानकारी के लिए बता दें कि पीएम मोदी 16 से 25 नवंबर के बीच पांच दिन मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों में भाजपा उम्मीदवारों के समर्थन में चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। प्रदेश में 28 नवंबर को विधानसभा चुनाव होने हैं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व सांसद राकेश सिंह ने प्रधानमंत्री के दौरे की जानकारी देते हुए बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री 16 नवंबर को दोपहर 2 बजे शहडोल एवं शाम 05.05 बजे ग्वालियर में चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे।
उन्होने बताया कि प्रधानमंत्री 18 नवंबर को छिंदवाड़ा और इंदौर में, 20 नवंबर को झाबुआ और रीवा में, 24 नवंबर को मंदसौर और छतरपुर में तथा 25 नवंबर को विदिशा और जबलपुर जिलों में जनसभाओं को संबोधित करेंगे। मोदी की छवि का फायदा उठाकर भाजपा चौथी बार प्रदेश में सत्ता हासिल करने के लिये पुरजोर प्रयास कर रही है। प्रदेश के दोनों मुख्य दलों भाजपा और कांग्रेस की नजर मोदी के प्रदेश के चुनावी दौरों पर हैं।
प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता पंकज चतुर्वेदी ने दावा किया कि प्रदेश में मोदी के चुनावी दौरों से कोई असर नहीं होने वाला है। उन्होंने कहा कि भाजपा के पिछले 15 सालों के शासन के कारण जनता में प्रबल सत्ता विरोधी लहर चल रही है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस इस चुनाव में पूर्ण बहुमत हासिल करने वाली है।
वहीं भाजपा प्रवक्ता अनिल सौमित्र ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी करिश्माई नेता हैं और उनके प्रदेश में चुनावी दौरों के बाद भाजपा को बहुत फायदा होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने इस बार ‘‘अबकी बार 200 पार’’ का लक्ष्य रखा है।
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का कार्यक्रम इस प्रकार है :
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी का मध्यप्रदेश में अगला चुनावी दौरा शुक्रवार से शुरू होगा। राहुल शुक्रवार, शनिवार और 19 व 20 नवंबर को जनसभाओं को संबोधित करेंगे। कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय से दी गई जानकारी के अनुसार, राहुल गांधी शुक्रवार को देवरी, बरघाट, मंडला, शहडोल में सभाओं को संबोधित करेंगे और रात्रि विश्राम शहडोल में करेंगे।
17 नवंबर को शहडोल से निकलकर सलीमनाबाद (बोहरीबंद-कटनी), पनागर (जबलपुर), बरगी (जबलपुर), लखनादोन (सिवनी) और जबलपुर में जनसभा को संबोधित करेंगे।
राहुल गांधी फिर 19 नवंबर को राज्य के दौरे पर आएंगे। कांग्रेस प्रमुख रहली (सागर), खुरई (सागर), पठारी, कुरवाई (विदिशा), पिपलानी (सीहोर) और 20 नवंबर को चिचैली (बैतूल), किल्लोर-भैंसदेही (बैतूल), आमला (बैतूल), दुनावा, मुलताई (बैतूल) में सभा करने के बाद रात्रि विश्राम छिदवाड़ा में करेंगे।
अमित शाह भी है दौरे पर
वहीं भाजपा अध्यक्ष अमित शाह गुरुवार को राज्य में रहे, शुक्रवार को फिर विमान द्वारा खजुराहो पहुंचेंगे। उसके बाद टीकमगढ़, सागर व दमोह में जनसभा को संबोधित करने के बाद खजुराहो होते हुए दिल्ली रवाना हो जाएंगे। बता दें कि मध्य प्रदेश में 28 नवंबर को विधानसभा चुनाव होने हैं। वही, नतीजे 11 दिसंबर को आएंगे। यहां विधानसभा की कुल 230 सीटें हैं।