देश के सभी 543 संसदीय क्षेत्रों में खोला जाएगा 'पासपोर्ट सेवा केंद्र' : वी के सिंह - Punjab Kesari
Girl in a jacket

देश के सभी 543 संसदीय क्षेत्रों में खोला जाएगा ‘पासपोर्ट सेवा केंद्र’ : वी के सिंह

हमारी योजना भारत में हर मुख्य डाकघर में एक पासपोर्ट सेवा केंद्र रखने की है ताकि लोगों को

लोगों की पासपोर्ट सेवाओं तक पहुंच को आसान बनाने के लिये भारत सरकार देश के सभी 543 संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों में ‘पासपोर्ट सेवा केंद्र’ खोलने की तैयारी कर रही है। विदेश राज्यमंत्री वी के सिंह ने यह बात कही। अमेरिका में भारतीय दूतावास में आयोजित पासपोर्ट सेवा क्रार्यक्रम के शुभारंभ के दौरान सिंह ने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करने का प्रयास कर रही है कि भारत के साथ-साथ विदेश में भी किसी भारतीय नागरिक को पासपोर्ट पाने में दिक्कत न हो।

विदेश राज्यमंत्री ने कहा कि पासपोर्ट सेवा कार्यक्रम से भारत में पासपोर्ट सेवाओं के वितरण में बड़ा परिवर्तन आया है। उन्होंने कहा, यह परियोजना विदेश में भारतीय नागरिकों को बेहतर सेवाएं मुहैया करायेगी। यह सेवा वास्तविक मायने में नागरिकों के लिए हैं। उन्होंने कहा कि नयी प्रणाली से पासपोर्ट के लिये आवेदन करना आसान हो जाएगा।

passport

पासपोर्ट बनाने के काम में कितनी प्रगति हुई है इसका भी पता लगाया जा सकेगा। विदेश राज्यमंत्री ने कहा कि सरकार की योजना मार्च, 2019 तक देश के सभी 543 संसदीय क्षेत्रों में पासपोर्ट सेवा केंद्र स्थापित करने की है। उन्होंने कहा, हमारी योजना भारत में हर मुख्य डाकघर में एक पासपोर्ट सेवा केंद्र रखने की है ताकि लोगों को पासपोर्ट सेवाओं के लिये 50-60 किलोमीटर दूर नहीं जाना पड़े।

विदेश राज्यमंत्री ने कहा कि 2017 में पासपोर्ट से जुड़ी सेवाओं में 19 प्रतिशत की वृद्घि दर्ज की गयी है। मासिक आधार पर आवेदन जमा होने का आंकड़ा पहली बार दस लाख को पार कर गया है। ‘पासपोर्ट सेवा’ प्रणाली के माध्यम से छह करोड़ से अधिक पासपोर्ट जारी किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।