‘भारत जोड़ो यात्रा’ (Bharat Jodo Yatra) में शामिल होने वाले लोगों को NO-नॉनवेज, NO-शराब और NO-स्मोकिंग के नियम का पालन करना होगा। 150 दिनों तक चलने वाली इस यात्रा में अनुशासन बनाए रखने के लिए कांग्रेस (Congress) ने किसी भी नेगेटिव पब्लिसिटी से बचने के लिए ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में शामिल होने वाले लोगों के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
‘क्या करें’ और ‘क्या ना करें’
कांग्रेस ने यात्रा से जुड़ने वाले लोगों के लिए कुछ नियम बनाए हैं, जो इस प्रकार हैं। ‘यात्रियों’ को सादगीपूर्ण तरीके से रहने के लिए कहा गया है। यात्रा के दौरान खाने, बिस्तर की सुविधा सहित दूसरी चीजों को लेकर शिकायत करने की मनाही है। इसके अलावा यात्रा में सफेद कपड़े ही पहनने के लिए कहा गया है।
यह नियम भारत यात्रियों के साथ ही प्रदेश यात्रियों और अतिथि यात्रियों पर भी लागू होगा। हालांकि, कपड़ों को लेकर वॉलंटियर्स यात्रियों को छूट दी गई है। यात्रियों से यह अपेक्षा की गई है कि वो यात्रा के दौरान लग्जरी, सुख-सुविधाओं और विशेष आवभगत की उम्मीद ना करें। यात्रा के दौरान लोगों से पूरी विनम्रता, प्रेम और धैर्य से मिलना है।
NO-नॉनवेज, NO-शराब और NO-स्मोकिंग
यात्रा में शामिल होने वालों के लिए भोजन वगैरह की व्यवस्था भी पहले से तय कर दी गई है। यात्रियों को सिर्फ शाकाहारी भोजन उपलब्ध होगा। यात्रा में शामिल लोगों को मांसाहारी भोजन, शराब और स्मोकिंग से परहेज करना होगा। यात्री जिस प्रदेश में होते हैं, वहां की लोकल कमेटी को इसका जिम्मा उठाना होगा।
भारत यात्रियों के ठहरने के लिए कंटेनरों की व्यवस्था की गई है। वहीं, अतिथि और प्रदेश यात्रियों के रहने-खाने की व्यवस्था प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पास है। यात्रा के दौरान ब्रेक लेना हो तो यात्री चटाई और दरियों पर बैठकर आराम करते हैं। शाम को दिन भर के कार्यक्रम का फीडबैक भी लिया जाता है।
क्या है नियमों का उद्देश्य
भारत जोड़ो यात्रा से जुड़े लोगों के लिए इन नियमों का उद्देश्य किसी भी तरह की नेगेटिव पब्लिसिटी से बचने के लिए है। कांग्रेस अपने इस अभियान में अनुशासन बनाए रखना चाहती है। पार्टी नहीं चाहती कि यात्रा को लेकर बेवजह कोई विवाद हो। हालांकि, नियमों का कड़ाई से पालन भारत यात्रियों के लिए है। बाकी प्रदेश और अतिथि यात्री यात्रा के दौरान इनका पालन करेंगे।