NCP नेता शरद पवार ने की PM मोदी से मुलाकात, महाराष्ट्र की राजनीति में हलचल होने के आसार

महाराष्ट्र की राजनीति में जारी हलचल के बीच राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के प्रमुख शरद पवार ने शनिवार

महाराष्ट्र की राजनीति में जारी हलचल के बीच राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के प्रमुख शरद पवार ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच करीब 50 मिनट तक अहम मुद्दों पर बातचीत चली। बातचीत का विषय महाराष्ट्र से लेकर राष्ट्रीय मुद्दे रहे।

प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने ट्वीट कर यह जानकारी दी।  पीएमओ ने दोनों नेताओं की मुलाकात की एक तस्वीर भी शेयर की। दोनों नेताओं के बीच तकरीबन एक घंटे तक हुई इस मुलाकात में क्या बात हुई इस बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई ,लेकिन सूत्रों का कहना है कि उन्होंने ताजा राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा की।

सूत्रों ने बताया कि 19 जुलाई से संसद का मानसून सत्र चलने जा रहा है। विपक्ष चीन के साथ लद्दाख विवाद, कोरोना, महंगाई जैसे कई प्रमुख मुद्दों पर संसद में सरकार की घेराबंदी करने की तैयारी में जुटा है। बीते दिनों शरद पवार के घर पर हुई एक मीटिंग में विपक्ष के नेताओं को बीजेपी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार के खिलाफ एकजुट करने की कवायद हो चुकी है।
सूत्रों का कहना है कि सत्र से पहले सरकार की ओर से विपक्ष के बड़े नेताओं से वार्ता कर सदन चलाने में सहयोग मांगने की परम्परा है। इसी कड़ी में इस बैठक में दोनों नेताओं के बीच चर्चा की संभावना है। ज्ञात हो कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को शरद पवार और ए के एंटनी से मुलाकात की थी। इस बैठक में प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल बिपिन रावत और सेना प्रमुख जनरल एम एम नरवणे भी मौजूद थे।
यह मुलाकातें इसलिए भी महत्वपूर्ण हैं क्योंकि 19 जुलाई से संसद का मानसून सत्र आरंभ हो रहा है। सिंह लोकसभा में सदन के उपनेता भी हैं। बता दें कि महाराष्ट्र में शिवसेना, राष्ट्रवादी कांग्रेस और कांग्रेस के गठबंधन महाविकास अघाड़ी की सरकार है. हाल ही में हुए कैबिनेट विस्तार के बाद से गठबंधन के नेताओं की नाराजगी की खबरें सामने आ रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Girl in a jacket
पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।