गुजरात में मोरबी के बी डिवीजन क्षेत्र में रविवार को झूला पुल टूटने से सैकड़ लोग मच्छु नदी में गिर गए और इस घटना में 60 से ज्यादा लोगों के मरने की आशंका है पुलिस ने बताया कि मच्छु पर बना झुलता पुल आज शाम करीब सात बजे अचानक टूट गया, जिसके कारण लोग नदी में गिर गए।
वहीं आपातकालीन सेवा 108 ने बताया कि मच्छु नदी से 100 लोगों को बाहर निकाल लिया गया है। इनमें से 60 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। विस्तृत विवरण की प्रतीक्षा है।
गुजरात के मोरबी में पुल टूटने की घटना पर मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने जताया दुख
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को गुजरात के मोरबी में पुल टूटने की घटना पर दुख व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘गुजरात के मोरबी में पुल टूटने से हुई दुर्घटना का अत्यंत दु:खद समाचार प्राप्त हुआ है। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि सभी प्रभावित लोगों की रक्षा करें।’’
मल्लिकार्जुन खडगे-राहुल ने गुजरात हादसे पर जताया शोक
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे तथा पूर्व अध्यक्ष अध्यक्ष राहुल गांधी ने गुजरात में पुल हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
कांग्रेस नेताओं ने पार्टी के कार्यकर्ताओं से दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की हर संभव सहायता करने और लापता लोगों की तलाश में मदद करने का आग्रह किया है।
श्री गांधी ने कहा, ‘‘ गुजरात के मोरबी में हुए पुल हादसे की खबर बेहद दु:खद है। ऐसे मुश्किल समय में मैं सभी शोकाकुल परिवारों को अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील करता हूं कि दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की हर संभव सहायता करें और लापता लोगों की तलाश में मदद करें।’’
श्री खड़गे ने कहा, ‘‘गुजरात के मोरबी में सस्पेंशन ब्रिज के गिरने से हुई त्रासदी से गहरा दुख हुआ। मैं गुजरात कांग्रेस कार्यकर्ताओं से बचाव कार्य में हर संभव सहायता देने और घायलों की मदद करने की अपील करता हूं। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं।’’