गुजरात के मोरबी शहर में रविवार की शाम मच्छु नदी पर बना केबल पुल टूटने से कम से कम 60 व्यक्तियों की मौत हो गई। यह पुल करीब एक सदी पुराना था और मरम्मत के बाद हाल ही में इसे लोगों के लिए खोला गया था। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने कहा कि हाल ही में मरम्मत के बाद जनता के लिए चार दिन पहले ही फिर से खोले गए इस पुल पर लोगों की काफी भीड़ थी। उन्होंने बताया कि पुल शाम करीब साढ़े छह बजे टूट गया।
गुजरात के मंत्री बृजेश मेरजा ने कहा, ‘‘हादसे में कम से कम 60 व्यक्तियों की मृत्यु हो गई।’’
प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि अंग्रेजों के समय के ‘‘हैंगिंग ब्रिज’’ पर उस समय कई महिलाएं और बच्चे थे, जब वह टूट गया। इससे लोग नीचे पानी में गिर गए।
एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि कुछ लोगों को पुल पर कूदते और उसके बड़े तारों को खींचते हुए देखा गया। उन्होंने कहा कि हो सकता है कि पुल उस पर ‘लोगों की भारी भीड़’ के कारण टूट कर गिर गया हो। उन्होंने बताया कि पुल गिरने के चलते लोग एक दूसरे के ऊपर गिर पड़े।
दीपावली की छुट्टी और रविवार होने के कारण प्रमुख पर्यटक आकर्षण पुल पर पर्यटकों की भीड़ उमड़ी हुई थी।
एक निजी संचालक ने लगभग छह महीने तक पुल की मरम्मत का काम किया था। पुल को 26 अक्टूबर को गुजराती नववर्ष दिवस पर जनता के लिए फिर से खोला गया था।
बचाव कार्य जारी – दमकल विभाग
दमकल विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि लोगों को नदी से निकालने के लिए नावों का इस्तेमाल किया जा रहा है। अधिकारी ने कहा, ‘‘हम नावों की मदद से बचाव कार्य कर रहे हैं। नदी में करीब 40-50 लोग हैं।’
मोरबी पुल हादसा को लेकर भूपेंद्र पटेल ने जताया दुख
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा कि वह त्रासदी से दुखी हैं। उन्होंने कहा, ‘‘प्रशासन द्वारा राहत और बचाव अभियान जारी है। प्रशासन को घायलों के तत्काल इलाज की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है। मैं इस संबंध में जिला प्रशासन के लगातार संपर्क में हूं।’’
PM मोदी ने दुर्घटना के संबंध में मुख्यमंत्री पटेल और अधिकारियों से बात की
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने एक ट्वीट में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुर्घटना के संबंध में मुख्यमंत्री पटेल और अधिकारियों से बात की। मोदी इस समय गुजरात में हैं।
पीएमओ ने कहा, ‘‘उन्होंने (प्रधानमंत्री मोदी) बचाव अभियान के लिए दलों को तत्काल तैनात करने को कहा है। उन्होंने स्थिति पर कड़ी निगरानी रखने और प्रभावित लोगों की हर संभव मदद करने को कहा है।’’
गुजरात के मोरबी में पुल टूटने की घटना पर मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने जताया दुख
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को गुजरात के मोरबी में पुल टूटने की घटना पर दुख व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘गुजरात के मोरबी में पुल टूटने से हुई दुर्घटना का अत्यंत दु:खद समाचार प्राप्त हुआ है। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि सभी प्रभावित लोगों की रक्षा करें।’’
मल्लिकार्जुन खडगे-राहुल गांधी ने गुजरात हादसे पर जताया शोक
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे तथा पूर्व अध्यक्ष अध्यक्ष राहुल गांधी ने गुजरात में पुल हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
कांग्रेस नेताओं ने पार्टी के कार्यकर्ताओं से दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की हर संभव सहायता करने और लापता लोगों की तलाश में मदद करने का आग्रह किया है।
श्री गांधी ने कहा, ‘‘ गुजरात के मोरबी में हुए पुल हादसे की खबर बेहद दु:खद है। ऐसे मुश्किल समय में मैं सभी शोकाकुल परिवारों को अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील करता हूं कि दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की हर संभव सहायता करें और लापता लोगों की तलाश में मदद करें।’’
श्री खड़गे ने कहा, ‘‘गुजरात के मोरबी में सस्पेंशन ब्रिज के गिरने से हुई त्रासदी से गहरा दुख हुआ। मैं गुजरात कांग्रेस कार्यकर्ताओं से बचाव कार्य में हर संभव सहायता देने और घायलों की मदद करने की अपील करता हूं। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं।’’